PATNA : 1 माह से गायब है लड़की, परिजनों का रो रोकर बुरा हाल, CCTV कैमरे में कैद हुई दो युवकों की हरकतें
पटना। एक लड़की बीते एक महीने से ज्यादा दिनों से गायब है। अब तक उस लड़की का कोई अता पता नहीं चल सका है। जिससे स्वजनों का रोते-रोते बुरा हाल है। इस संबंध में गायब लड़की के परिजन ने पटना के गर्दनीबाग थाना में मामला दर्ज कराया है, लेकिन पुलिस घटना के 1 महीना 14 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के न्यू अलकापुरी, रोड नंबर 1 के निवासी विनय कुमार सिंह की 20 वर्षीय पुत्री रूपा राज बीते नवंबर माह की 4 तारीख की शाम लगभग 6 बजे अचानक घर से गायब हो गई। गायब होने के उपरांत स्वजनों ने लड़की की काफी खोजबीन की लेकिन उसका कोई अता-पता नहीं चला, तब 8 नवंबर को इस बाबत गर्दनीबाग थाना में मामला दर्ज कराया, जिसका केस नंबर 563/20 है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, गायब लड़की की मां आशा देवी ने आवेदन में कहा है कि बीते 4 नवंबर की शाम लगभग 6 बजे से हमारी बेटी रूपा राज गायब है। मुझे शक है कि मेरे देवर के घर में 10 दिनों से तीन-चार मजदूर कार्य कर रहे थे, जिसमें से एक मजदूर बार-बार मेरे छत की तरफ आता था। उक्त मजदूरों में एक का नाम दीपू है। 5 नवंबर से उक्त मजदूर को कई नंबरों से कॉल किया गया लेकिन वह कॉल नहीं उठाया। शक है कि मेरी बेटी रूपा राज को उक्त मजदूर ने बहला फुसलाकर अगवा कर लिया है।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद घटना के दिन 4 नवंबर की कुछ तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जो इस मामले से जुड़े हुए प्रतीत हो रहे हैं। लड़की के घर के पास एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की कुछ ऐसी हरकतें कैद हुई है जो इस मामले की ओर इशारा करते हैं। सीसीटीवी में कैद तस्वीरें शाम होने के कारण धुंधला है, जिससे उक्त युवकों के चेहरे स्पष्ट रुप से नजर नहीं आ रहे हैं। लड़की के भाई ने उक्त सीसीटीवी फुटेज को दिखाते हुए शक जताया है कि इन्हीं दो लड़कों ने बहन को बहला-फुसलाकर अगवा किया है। सीसीटीवी में दिख रहा है कि दो लड़का उजले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर लड़की के घर के पास नुक्कड़ पर गाड़ी लगाए खड़ा है और वह किसी को इशारा भी कर रहा है। लड़की का भाई बताता है कि उस दिन हमें देख कर बाइक सवार यह लड़के बाईपास की ओर जाने वाले रास्ते की ओर मोटरसाइकिल को बढ़ा लिया। कुछ देर बाद सीसीटीवी में फिर दिखता है कि उसमें से एक लड़का पैदल वापस आकर उसी नुक्कड़ पर खड़ा हो जाता है और वह इशारा करने लगता है। इस फुटेज को देखने के बाद गायब लड़की के परिजनों का शक गहरा हो जाता है और दर्ज किए गए प्राथमिकी के बाद इन बातों की जानकारी स्थानीय थाना पुलिस को देती है। पुलिस की ओर से उक्त सीसीटीवी फुटेज मांगा जाता है लेकिन इस मामले में अब तक पुलिस को कोई क्लू नहीं मिला है। वहीं दूसरी ओर गायब लड़की के स्वजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
वही जब हमारे संवाददाता ने दीपू नामक मजदूर के मोबाइल नंबर पर फोन किया तो पहले तो उसने नहीं उठाया उसके कुछ घंटे बाद उसने रिंग बैक किया तो उसने बताया कि मैं लड़की के चाचा के घर में उस दिन काम कर रहा था, जिसके कारण ज्यादा देर तक काम किया। जिससे उन लोगों ने मुझ पर शक कर लिया। इस बाबत पुलिस ने हमें थाना बुलाकर पूछताछ भी की। उसने बताया कि मुझे फंसाया जा रहा है। मैं शादीशुदा और दो बच्चों का पिता हूं। मैंने एक विधवा से शादी की है। पुलिस मुझे जितने बार बुलाएगी, मैं उतनी बार हाजिर होने के लिए हमेशा तैयार हूं। उसने यह भी बताया कि जिस घर में मैं काम कर रहा था, उक्त घर के गृहस्वामी ने अब तक पैसा नहीं दिया है।
बहरहाल अब देखना है कि पुलिस इस मामले को कितनी गंभीरता से लेती है और कब तक निष्कर्ष तक पहुंचती है।

