January 24, 2026

PATNA : लोगों ने घरों में ही किया योग, पार्टी कार्यालयों में नहीं पहुंचे नेता

पटना। कोरोना संकट के बीच छठे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर बिहार में उत्साह का माहौल रहा। कोरोना संकट के कारण इस साल योग दिवस का थीम ‘घर-घर योग, परिवार के साथ योग’ रखा गया था। इसके मद्देनजर लोगों ने घरों में ही योग किया। वहीं अगर राजनीतिक दलों नेताओं ने शारीरिक दूरी का पालन करते हुए योग करते नजर आए। कुछ लोगों ने पार्कों में भी योग किया, हालांकि वहां भीड़ नहीं रही। जबकि कई संस्थानों ने आनलाइन योग कराया।
योग दिवस के अवसर पर भाजपा के प्रदेश कार्यालय में कुछ लोगों ने योग किया। इस दौरान शारीरिक दूरी का पालन किया गया। वहां आसपास के नेता-कार्यकर्ता ही पहुंचे। बीजेपी के अन्य नेताओं ने ‘घर-घर योग, परिवार के साथ योग’ थीम को अपनाते हुए अपने-अपने घरों में ही योग किया। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने अपने घर की छत पर योग किया। योग दिवस के अवसर पर अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भी योग किया। भागलपुर में नगर विधायक अजीत शर्मा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों के साथ कचहरी स्थित अपने होटल के हॉल में योगाभ्यास किया।


बिहार से भाजपा सांसद व केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर योग किया। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल, केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, गिरिराज सिंह व अन्य ने भी योग किया। वहीं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा सांसद राम कृपाल यादव ने गांधी मैदान वॉकर्स क्लब के साथियों के साथ अपने गोरिया टोली स्थित आवास पर योग किया। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बधाई देते हुए कहा कि तन और मन को स्वस्थ और स्फूर्त रखने के लिए भारत की पौराणिक योग विज्ञान को पूरे विश्व ने अपनाया है। पीएम मोदी के अथक प्रयास से भारत की योग विद्या को अंतरराष्ट्रीय पहचान और मंच मिला है। इस अवसर पर बाबा रामदेव के प्रयासों को याद करना चाहिए, जिन्होंने देश के हर घर में योग को पहुंचाया। कोरोना काल में भी पूरे विश्व योग द्वारा अपनी इम्युनिटी बढ़ा इस वैश्विक महामारी से लड़ रहा है।

You may have missed