PATNA : रिटायर वृद्ध रेलकर्मी को ट्रक ने मारा धक्का, पैर कुचला, हालत गंभीर
फुलवारी शरीफ। पटना के फुलवारी शरीफ के इमारत शरिया के पास सड़क पार कर रहे 65 वर्षीय वृद्ध को खगौल की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ठोकर मार दिया, जिससे एक पैर बुरी तरह कुचला गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भागने में सफल रहा। वहीं स्थानीय लोगों ने ट्रक को घेर लिया तथा आग लगाने की असफल कोशिश करते हुए शीशे तोड़ डाले। दुर्घटना में स्थानीय बुजुर्ग रिटायर रेलकर्मी के घायल होने के काफी देर तक बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर कर बवाल करने लगे। जिससे सड़क पर जाम की स्थिति हो गयी। हालांकि घटनास्थल से थोड़ी ही दूर विधान परिषद निर्वाचन के लिए चल रही वोटिंग को लेकर सतर्क प्रशासन ने लोगों को सड़क से हटाया और अवागमन सुचारू कराया।
वहीं हादसे में घायल की वृद्ध की पहचान इमारत शरिया के सामने अपार्टमेंट में रहने वाले मो. शब्बीर उद्दीन के रूप में हुई, जिनके परिजन दौड़े-दौड़े पहुंचे और अस्पताल ले गये। शब्बीर उद्दीन 6 महीने पहले ही दानापुर डीआरएम आॅफिस से रिटायर हुए हैं। वहीं दुर्घटना की खबर मिलते ही प्रशासन ने पहुंचकर ट्रक को अपने कब्जे में कर लिया और सड़क पर से भीड़ को हटाया। घायल रिटायर वृद्ध रेलकर्मी के पुत्र आशिक से बात करने पर पता चला कि उनके पिता का इलाज अनीसाबाद के एक निजी हॉस्पिटल में चल रहा है। जहां गंभीर रूप से कुचले गये पैर का आॅपरेशन किया गया। वहीं इस मामले में स्थानीय एसएचओ रफीकुर रहमान ने बताया कि ट्रक को जप्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


