PATNA : दीपावली के दिन बस में मिली आईटीबीपी जवान की लाश, हत्या की FIR दर्ज
पटना। दीपावली के दिन पटना पुलिस ने एक बस से आईटीबीपी के जवान का शव बरामद किया है। बीते शनिवार की सुबह लगभग 9.10 बजे जक्कनपुर थाने की पुलिस ने आईटीबीपी के जवान प्रेम कुमार गुप्ता का शव नैना ट्रेवल्स नाम की बस की सीट से बरामद किया। प्रेम कुमार मूल रूप से जहानाबाद जिले के जहानाबाद टाउन थाना इलाके का रहने वाला था और वह कटिहार में पोस्टेड था। इस बाबत मृतक के पिता जवाहर प्रसाद गुप्ता ने जवान के तीन सहकर्मियों जीतू सिंह, प्रवीण तिवारी और अमर सिंह व अन्य दो पर हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि प्रेम इन्हीं लोगों के साथ कटिहार से पटना आ रहा था। उसी वक़्त साथी जवानों ने ही उसे कुछ खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। शव जब्त कर उसे पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया गया।
बताया जाता है कि मृतक जवान प्रेम कुमार गुप्ता को कटिहार से पटना फिर यहां से अपने पैतृक घर जहानाबाद जाना था। कटिहार से बीते 13 नवंबर को वह अपने अन्य पांच साथियों के साथ बस में सवार होकर निकला था। इस दौरान रास्ते में परिजनों से उसकी बातचीत होती रही। उस वक्त जवान बिल्कुल ठीक था। फिर एकाएक बस के चालक-खलासी ने पुलिस को खबर दी कि सीट पर एक व्यक्ति मृत पड़ा है। इसके बाद घटना की सूचना परिजनों तक पहुंची। सवाल यह उठने लगा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि जवान की मौत हो गई।
जक्कनपुर थाना प्रभारी मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि जिन अन्य 5 जवानों पर हत्या का आरोप लगा है उनका पता लगाया जा रहा है। पुलिस आरोपित जवानों का पूरा नाम-पता जानने के लिए कटिहार स्थित उनके बटालियन के दफ्तर भी जा सकती है।


