पालीगंज : पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 56% मतदान, दो केंद्रों पर गोलीबारी, कोई हताहत नहीं, जितिया व्रत रखते हुए महिलाओं ने जमकर डाले वोट

पालीगंज। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में पटना के पालीगंज प्रखंड के 23 पंचायत में बुधवार को मतदान संपन्न हुई। प्रखंड क्षेत्र में 56 प्रतिशत मतदान हुई।
जितिया व्रत रखते हुए महिलाओं ने दिखायी हिम्मत
पालीगंज प्रखंड क्षेत्र में पंचायत चुनाव को लेकर बुधवार की सुबह सात बजे से शुरू हुए मतदान की गति काफी धीमी रही। कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण मतदान करने में परेशानी हो रही थी। जिसे देखते हुए 18 ईवीएम बदले गए। 9.30 बजे तक 13 प्रतिशत ही मतदान हुआ था। बाद में लोग घर से निकले और दो घंटे बाद 12 बजे तक मतदान की रफ्तार बढ़कर 20 प्रतिशत हो गयी। इस दौरान जितिया जैसे कठिन व्रत रखते हुए महिलाओं ने हिम्मत दिखायी और अपने अपने बूथों पर पंचायत का विकास में भागीदारी निभाने के लिए वोट डालने पहुंची। सुबह से ही अधिसंख्य बूथों पर महिलाओं की लंबी कतार देखी गयी। दिन के 10 बजते-बजते महिलाओं ने करीब 50 प्रतिशत वोट डाल दिया था। बाद में पुरुष मतदाताओं ने अपना मोर्चा संभाला और देर शाम 5 बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग करते दिखे। छिटपुट घटनाओं को छोड़ दे पालीगंज प्रखंड में चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।

मतदान के दौरान बायोमैट्रिक सिस्टम हुआ फेल
पंचायत चुनाव में जिला प्रशासन ने एक अनोखा प्रयोग किया। मतदाताओं का सत्यापन के लिए बायोमैट्रिक सिस्टम प्रत्येक बूथों पर दिए गए। लेकिन यह सिस्टम पूरी तरह से विफल साबित हुआ। इसकी वजह से न केवल मतदान की गति धीमी हो गयी बल्कि मतदाताओं में भी आक्रोश दिखाई दिया। मतदान कर्मियों ने इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने स्थिति की नजाकत को समझते हुए बायोमेट्रिक सिस्टम को वैकल्पिक तौर पर इस्तेमाल करने का निदेश दिया। तब जाकर मतदान का प्रतिशत कुछ हद तक बढ़ा।
दिखा महिला सशक्तिकरण का जलवा
मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचे जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि महिला सशक्तिकरण का जलवा जिले में दूसरे चरण में होने वाले पंचायत चुनाव में पालीगंज प्रखंड में देखने को मिला। पालीगंज के सभी 23 बूथों पर महिलाओं की लंबी कतार यह साबित करता है कि महिलाएं अब विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने को तैयार है। जिला निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि पंचायत चुनाव के शुरूआती दौड़ में 18 ईवीएम को तकनीकी खराबी आने के कारण बदलना पड़ा। वही पालीगंज प्रखंड क्षेत्र में चुनाव शांति पूर्ण संपन्न हो गया। कहीं से भी अप्रिय घटना की सूचना जिला प्रशासन तथा स्थानीय प्रशासन के द्वारा नहीं प्राप्त हुई है।
पालीगंज में दो मतदान केंद्र पर गोलीबारी, कोई हताहत नहीं, दो हिरासत में
इधर, मतदान के अंतिम क्षण में दो बूथों पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा गोलीबारी की गई। गोलीबारी से वहां अफरातफरी का माहौल बन गया और मतदान के लिए आए लोगों में भगदड़ मच गई। हालांकि इस गोलीबारी से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
खिरीमोड़ थाना के रूपापुर गांव में मतदान करने को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। इस बीच एक गुट के लोगों ने मतदान केंद्र संख्या 307 एवं 306 के नजदीक गोलीबारी की। गोलीबारी की सूचना मिलते ही मतदान केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें खदेड़ दिया। इस मामले में मतदान केंद्र संख्या 306 पर तैनात पीठासीन पदाधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि मतदान केंद्र से लगभग 200 मीटर की दूरी पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा 3 राउंड गोलियां चलाकर लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश की गई थी। लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें खदेड़ कर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
वहीं, दूसरी तरफ मौरी पियरपुरा गांव में बूथ संख्या 287 एवं 288 पर चुनाव के क्रम में बूथ पर कब्जा करने और मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी फैलाने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। फ्री मोड थाना प्रभारी रवि शंकर कुमार ने बताया कि मतदान के क्रम में गड़बड़ी फैलाने के आरोप में दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।