फतुहा : 29 बूथों पर शुक्रवार को डाले जाएंगे वोट, 16 बूथ अति संवेदनशील घोषित
फतुहा। पैक्स चुनाव के लिए 29 बूथों पर शुक्रवार को मतदान डाले जाएंगे। मतदान सुबह सात बजे से लेकर अपराह्न तीन बजे तक कराया जाएगा। इसके पहले गुरुवार को इसके लिए अंतिम तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रखंड कार्यालय से मतदान कर्मियों को मतदान सामग्री वितरित किया गया। गुरुवार को शाम तक सभी मतदान कर्मी अपने मतदान केंद्र पर पहुंच चुके हैं। कुल 29 बूथों में से 16 बूथ को अतिसंवेदनशील माना गया है। चुनाव कराने की जिम्मेदारी 13 मतदान दल पर होगी तथा बूथों की सुरक्षा के लिए तेरह पेट्रोलिंग पार्टी बनाया गया है तथा 13 पुलिस बल अलग से तैनात किए गए हैं। इस बार पैक्स चुनाव में करीब 17 हजार से अधिक मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। विदित हो कि चुनाव के बाद शनिवार को प्रखंड कार्यालय के सभागार भवन में मतगणना का कार्य संपन्न किया जाएगा। सभी मतदान केन्द्रो का मुख्यालय प्रखंड कार्यालय बनाया गया है।


