फुलवारी शरीफ प्रखंड में धान खरीद में तेजी, गोनपुरा पैक्स अध्यक्ष नहीं ले रहे किसानों से बोरे के पैसे

फुलवारी शरीफ। एक तरफ पटना जिला में धान की खरीद में कई तरह की कोताही और लापरवाही बरते जाने के मामले सामने आ रहे हैं, वहीं फुलवारी शरीफ प्रखंड में धान खरीद में तेजी आई है। प्रखंड के अधिकांश किसानों से पैक्स धान की खरीद कर रहे हैं। आलमपुर गोनपुरा पैक्स में धान खरीद में किसानों के लिए राहत देने वाली बात सामने आई है। फुलवारीशरीफ प्रखंड का आलमपुर गोनपुरा पैक्स पूरे पटना जिला में पहला ऐसा पैक्स है, जहां किसानों से धान के बोरे की राशि नहीं ली जा रही है और मुफ्त में ही धान के बोरे भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे किसानों में हर्ष का माहौल है।
आलमपुर गोनपुरा पैक्स अध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि धान के बोरे किसानों को मुफ्त में उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, धान के बोरे के लिए मिलने वाले निर्धारित मूल्य 25 रुपये भी नहीं ले रहे हैं। उनका छोटा सा प्रयास मात्र है, जिससे किसानों को राहत मिल पाए।
गौरतलब हो की प्रखंड में लगभग एक लाख साठ हजार क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य है, जिसमें आलमपुर गोनपुरा पैक्स में अब तक करीब ढाई सौ क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है। बताया जाता है कि ऐसा ही प्रखंड के तमाम पैक्स में है। औसतन हर पैक्स में दो सौ से अधिक क्विंटल धान की खरीदारी हो चुकी है।

You may have missed