February 25, 2026

राजधानी पटना में बढ़ा ठंड का प्रकोप, 24 घंटे में तेजी से गिरा तापमान, गर्म कपड़ो में दिखाई दिये लोग

पटना। बिहार में मौसम में पिछले 24 घंटों में तेजी से बदलाव आया है। राज्यभर में शनिवार को आसमान धुंध और बादलों से पटा रहा। इस वजह से धूप प्रभावहीन रही। धूप में तल्खी न होने से अधिकतम तापमान तेजी से लुढ़का है। पटना का तापमान 28.5 डिग्री से एक डिग्री नीचे घटकर 27.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। वहीं न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गया में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले दो दिनों से अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से बादल विस्तारित होकर बिहार तक पहुंचने लगे थे। शनिवार को राज्यभर में काफी ऊंचाई और बड़े भूभाग में बादलों का बसेरा दिखा। सुबह में पटना में कुछ देर के लिये धूप निकली लेकिन फिर दिनभर सूरज के दर्शन नहीं हुए।

राजधानी पटना में पहली बार गर्म कपड़ो में दिखाई दिये लोग

वही लोग दिन में भी सीजन में पहली बार गर्म कपड़ों में दिखे। अधिकतर घरों में शनिवार से गीजर भी प्रयोग में आने लगा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना से मिली जानकारी के अनुसार वातावरण की ऊपरी सतह पर नमी की मात्रा अधिक होने से यह स्थिति बनी है। अगले दो दिनों तक मौसम के इसी तरह बने रहने के आसार हैं। हालांकि धीरे-धीरे धुंध व कोहरे में बढ़ोतरी भी होगी। पटना एयरपोर्ट पर दृश्यता शनिवार को लगभग 18 सौ मीटर दर्ज की गई, लेकिन शाम पांच बजे विजिबिलिटी 13 सौ पर आ गई। हालांकि जलस्रोतों और नदियों के पास धुंध व कोहरे की स्थिति के कारण विजिबिलिटी कम रही।

दो दिन बाद पटना में और नीचे आएगा पारा, बढ़ेगी ठंड

मौसमविदों के अनुसार दो दिन बाद मौसम साफ होने के आसार हैं। इसके बाद न्यूनतम तापमान थोड़ा नीचे आएगा लेकिन अगले दो दिनों में रात के तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। पूरे सूबे में मौसम शुष्क बना हुआ है। पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य के कई हिस्सों में रविवार को सुबह में मध्यम दर्जे के कोहरे की स्थिति दिख सकती है।

You may have missed