पटना के खिरीमोड़ इलाके में बढ़ा चोरों का तांडव : घरवालों को कमरे में बंद कर किया चोरी, बक्सा खेत में मिला
- 40 ग्राम सोने के गहने व 70 हजार रुपये गायब, लोगों में दहशत
पालीगंज। पटना के खिरीमोड़ थाना क्षेत्र में चोरों का तांडव जारी है। जिससे इलाके के लोग अपने को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। पुलिस के लाख प्रयास के बावजूद बेलगाम अपराधी चोरी की घटना को अंजाम देने में सफल हो रहे हैं। उदाहरण के तौर पर खिरीमोड़ थाना क्षेत्र के सिद्धिपूर गांव को लिया जा सकता है, जहां सोमवार की रात घरवालों को कमरे में बंद कर अपराधियों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के अनुसार बीते रविवार को खिरीमोड़ थाना क्षेत्र के सिद्धिपुर गांव निवासी धुरी राम किसी जरूरी काम से दिल्ली के लिए रवाना हुए। इधर धुरी राम के परिवारवाले रात्रि को खाना खाकर कमरे में सो गये। जब आधी रात को एक बच्चा लघुशंका के लिए उठा तो उसका कमरा बाहर से बंद था। बच्चा के साथ में सो रही दादी ने बगल के कमरे में सो रहे अपने पतोहू को जगाया तो उसकी भी कमरे की दरवाजा बाहर से बंद था। यह देख उसने बगल के मकान में सो रहे लोगों को आवाज देकर जगाया। बगल के मकान में सो रहे धुरी राम के भाई ने बाहर आकर घर की खुली मुख्य दरवाजे से घर में प्रवेश कर कमरे का दरवाजा खोला। बाहर आकर परिजनों ने देखा कि बगल के कमरे का भी दरवाजा खुला है। जब कमरे की तलाशी लिया तो पाया कि कमरे में रखे दो बक्से व एक अटैची गायब हैं तथा बड़ा ट्रंक खुला है। घटना की सूचना पाकर आसपास के लोग जुटे व खोजबीन शुरू किया। वहीं सोमवार को गांव से दो सौ मीटर की दूरी पर घास की खेत मे बक्से टूटी हुई पाई गई। जबकि बक्से के आसपास में सारे समान बिखरे पड़े थे तथा बक्से में रखा सोने की चेन, अंगूठी, बाली सहित कुल 40 ग्राम सोने की गहने व 70 हजार रुपये गायब थे। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची खिरीमोड़ पुलिस ने मामले की जांच कर वापस लौट गई। वहीं परिजनों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज करा कर उचित कार्रवाई करने की मांग किया है।
बता दें बीते शुक्रवार की रात गौसगंज गांव में अपराधियों ने चंदन कुमार के जय विश्वकर्मा इंजीनियरिंग नामक दुकान से ग्राहकों के लिए बनाए गए लोहे का ग्रिल की चोरी की गई थी। उसी रात बसंत बिगहा गांव में हथियार का भय दिखाकर अपराधियों ने गहने चुरा लिया था। वहीं कुछ दिनों पूर्व खानपुरा गांव में भी चोरी हुई थी। जबकि एक माह पूर्व रात्रि में इमामगंज बाजार से एटीएम में चोरी हुई थी। उसी रात इमामगंज स्थित चार मकानों में भी चोरी हुई थी। जबकि 3 दिसंबर को गौसगंज गांव स्थित निजी शिक्षण संस्थान में चोरी की गई थी। इन घटनाओं के पूर्व पाली-अटौलह मुख्य सड़क पर दो छिनतई की घटना को अंजाम दी गयी। लगातार हो रहे इस तरह की घटनाओं से इलाके के लोग दहशत में हैं तथा अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।


