PATNA : पारस अस्पताल कांड को ले विपक्ष ने नीतीश सरकार को घेरा, तत्काल कार्रवाई की मांग

पटना। पटना के बेली रोड स्थित पारस जैसे बड़े प्राइवेट हॉस्पिटल के आईसीयू में 45 वर्षीय महिला कोरोना मरीज के साथ 4-5 कर्मचारियों द्वारा रेप की कोशिश का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक पार्टियों ने नीतीश सरकार को घेरा है और तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है। बता दें महिला के साथ रेप की कोशिश का आरोप बेटी ने ही लगाया है। महिला को रस्सी के जरिए बेड से बांधा भी गया था। महिला राजधानी के ही एक इलाके की रहने वाली हैं। महिला को कोरोना पॉजिटिव और दूसरी परेशानियां होने के बाद उन्हें बेली रोड के बड़े प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था।
इस घटना के सामने आने के बाद एक मामले में जेल में बंद जाप प्रमुख पप्पू यादव के ट्वीटर हैंडल से नीतीश सरकार पर हमला बोला गया है। ट्वीट में लिखा, पारस हॉस्पिटल पटना में एक कोरोना मरीज की अटेंडेंट के साथ तीन हॉस्पिटल कर्मियों ने गैंगरेप किया है। इंसानियत के इन हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी हो। नीतीश जी सभी अस्पतालों में महिला मरीज एवं अटेंडेंट की समुचित सुरक्षा सुनिश्चित करें। यह नाकाबिले बर्दाश्त है।
एडवा ने की दुर्व्यवहार की निंदा एवं जांच की मांग
वहीं दूसरी ओर जनवादी महिला समिति (एडवा) ने पारस अस्पताल में मरीज के परिजन व बच्ची के साथ दुर्व्यवहार की निंदा एवं जांच की मांग नीतीश सरकार से की है। एडवा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामपरी और सीपीआईएम पटना जिला सचिव मनोज कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि बेली रोड में स्थापित पारस अस्पताल में मरीज के परिजन बच्ची के साथ कर्मचारी एवं अन्य ने दुर्व्यवहार किया। इस घटना की निंदा करते हुए उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच करने की मांग की है। साथ ही राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन से प्राइवेट नर्सिंग होम में इस तरह की हो रही घटना पर रोक लगाने तथा दोषी प्राइवेट नर्सिंग होम को बंद करने की मांग की है।

You may have missed