PATNA : इंटर्न छात्रों ने PMCH और NMCH में ठप कराई OPD, अब होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

file photo

पटना। एमबीबीएस इंटर्न छात्रों के कार्य बहिष्कार के कारण पीएमसीएच और एनएमसीएच में इलाज कराने आनेवाले मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पीएमसीएच में गुरुवार को आधे से ज्यादा मरीज बिना इलाज कराए ही लौट गए। गुरूवार को सभी विभागों को मिलाकर मात्र 750 मरीज ही देखे जा सके। जबकि यहां सामान्य रूप से प्रतिदिन लगभग 2200 मरीज इलाज कराने आते हैं। वहीं एनएमसीएच में भी करीब एक घंटे तक ओपीडी सेवा बाधित रहा।
जिन लोगों की पर्ची कटी, उनलोगों को डॉक्टरों ने देखा
पीएमसीएच अधीक्षक डॉ. आईएस ठाकुर ने बताया कि सुबह में पहले मेडिकल इंटर्न के हंगामे से कुछ देर तक ओपीडी प्रभावित रही। बाद में सभी विभागों में इलाज सामान्य रूप से चला। दिन के 10 बजे तक जिन लोगों की पर्ची कट गई थी, उनलोगों को डॉक्टर ने देख लिया। लगभग 9:45 बजे से इटर्न छात्र एकजुट होकर ओपीडी और रजिस्ट्रेशन काउंटर पर जमा होने लगे। 10 बजे उन्होंने ओपीडी को जबरन बंद करा दिया। दूरदराज के मरीजों की परेशानी और कई मरीजों द्वारा अधीक्षक प्राचार्य कक्ष के पास जाकर शिकायत करने के बाद प्राचार्य डॉ. बीपी चौधरी ने कई विभागाध्यक्षों को ओपीडी जारी रखने की सलाह दी। काफी प्रयास के बाद जिन मरीजों की पर्ची कट गई थी, उनलोगों को डॉक्टरों ने देखा।
मांगें नहीं मानी जाएगी तो शुक्रवार को भी हड़ताल
कार्य बहिष्कार में शामिल डॉ. रोहित ने बताया कि एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों को सिर्फ 15 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है। पिछले पांच वर्षों से इसमें कोई वृद्धि नहीं हुई है। जबकि आईजीआईएमएस और दूसरे राज्यों के कई मेडिकल कॉलेजों में इंटर्न को 35 हजार रुपये से अधिक का मानदेय मिलता है। उसने कहा कि सरकार द्वारा उनकी मांग नहीं मानी जाएगी तो वे लोग शुक्रवार को ओपीडी को पूरी तरह से ठप रखेंगे। इंटर्न डॉक्टरों की मांग को जेडीए सचिव डॉ. कुंदन सुमन ने भी सही ठहराया और सरकार से इस पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की अपील की।
ओपीडी ठप कराने पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
इधर, पीएमसीएच के प्राचार्य डॉ. बीपी चौधरी ने हर तरह की मांग पर बार-बार ओपीडी ठप कराने की कार्रवाई पर चिंता प्रकट की है। कहा कि इस तरह की कार्रवाई पर रोक लगाने के लिए अब कड़े कदम उठाने की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के संबंध में निर्णय लेने के लिए सभी विभागाध्यक्षों की बैठक शुक्रवार को 11 बजे दिन में बुलाई गई है। सर्वसम्मति से जो निर्णय लिया जाएगा, उसी के अनुसार ओपीडी ठप करानेवालों पर कार्रवाई होगी।

You may have missed