राष्ट्रपति चुनाव में ओपी राजभर की अखिलेश से बगावत, सीएम योगी के आग्रह के बाद द्रौपदी मुर्मू को समर्थन का किया ऐलान

लखनऊ। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से नाराज चल रहे उनके सहयोगी और भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओपी राजभर ने एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का ऐलान किया है। सुभासपा के अध्यक्ष ओपी राजभर ने आज लखनऊ में कहा कि सीएम योगी ने मुझे बुलाकर कहा कि आप पिछड़े, दलित, वंचित की लड़ाई लड़ते हैं। आप द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करें। राजभर ने आगे लिखा कि मैंने उनसे मुलाकात की। जिसके बाद गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात हुई। उनसे बात होने के बाद हमने द्रौपदी मुर्मू को समर्थन का ऐलान किया है। इस बीच माना जा रहा है कि ओमप्रकाश राजभर आज सपा से गठबंधन तोड़ने का ऐलान कर सकते हैं।
राजभर और अखिलेश के बीच बयानबाजी तेज
दरअसल यूपी विधानसभा चुनाव और हाल में हुए रामपुर तथा आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में सपा की पराजय के बाद सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तल्खी भरी टिप्पणियां की थीं और उन्हें एयर कंडीशनर कमरे में रहकर राजनीति करने वाला वाला नेता बताया था। इसके बाद, यादव ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा था कि सपा को किसी की सलाह की जरूरत नहीं है।

फोटो सौजन्य : ANI

सीएम योगी की डिनर पार्टी में पहुंचे थे राजभर
राजभर पिछले दिनों राष्ट्रपति पद के चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के लखनऊ दौरे के दौरान हुई संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में भी नहीं दिखाई दिए थे। हालांकि, राजभर ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के लखनऊ दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित रात्रि भोज में शिरकत की थी।

About Post Author