PATNA : आटो और बाइक की आमने सामने की टक्कर में एक की मौत, एक घायल
बिहटा। पटना के बिहटा-खगौल मुख्य मार्ग पर बुधवार को बिहटा थाना क्षेत्र के कन्हौली गांव के सरमेरा पथ के पास आॅटो और बाइक में आमने सामने की टक्कर में एक की मौत हो गयी, जबकि एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। मृतक की पहचान बिहटा के कन्हौली निवासी मेघा राय के 30 वर्षीय पुत्र पप्पू कुमार एवं घायल रामबाबू यादव की पुत्री पूजा कुमारी के रूप में की गयी है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात कन्हौली गांव के सरमेरा पथ के पास आटो और बाइक में आमने सामने की जबरदस्त टक्कर हो गयी। टक्कर में बाइक एवं आटो के परखच्चे उड़ गये। इसमें हादसा में बाइक सवार की मौत घटनास्थल पर हो गयी, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को उठाकर निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य जख़्मी लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जाता है कि मृतक मां के लिए दवा लेकर बिहटा से घर जा रहा था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच हुआ है। वहीं सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है।


