PATNA : AG कॉलोनी में कोरोना से हुई एक मौत, इलाके में मचा हड़कंप
पटना, बिहार। पटना की AG कॉलोनी में 66 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग की मौत हो गई। मौत उसी अपार्टमेंट में रहने वाले व्यक्ति की हुई है, जो पिछले कई दिनों से हाट स्पॉट बना हुआ है। यहां एक साल की मासूम से लेकर अब तक 10 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग के साथ जिला प्रशासन भी सकते में आ गया है। पटना में एक सप्ताह में यह तीसरी मौत है। वायरस के स्ट्रेन की जांच कराने के साथ अब पूरे इलाके को अलर्ट मोड पर रखा गया है। बताया जा रहा है कि इस अपार्टमेंट में हाल ही में शादी थी और बाहर से भी अधिक संख्या में लोग आए थे। कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के बाद अब तक 10 से अधिक संक्रमित अपार्टमेंट में मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सूत्रों की मानें तो इस मोहल्ले में पहले से ही पूरी तरह से अलर्ट किया गया था। लग रहा था कि कोई गंभीर मामला नहीं होगा और संक्रमित होम आईसोलेशन में ही ठीक हो जाएंगे, लेकिन अब मौत की खबर के बाद हड़कंप मच गया है।

हालत गंभीर होने पर कराया था भर्ती
संक्रमित की हालत खराब होने पर उसे राजा बाजार स्थित एक बड़े निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद से ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से अलर्ट कर दिया गया। इस इलाके में सैनिटाइजेशन से लेकर अन्य सुरक्षा उपाय को लेकर काम किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग बढ़ाने के साथ अब मोहल्ले में सुरक्षा की तैयारी में जुटी है।

