December 8, 2025

PATNA : अब शहर में रूट परमिट से चलेगी ई-रिक्शा, जल्द शुरू होगी नई व्यवस्था, जानें क्या-क्या होगा बदलाव

पटना। राजधानी पटना में किस रूट पर कितने ऑटो चलेंगे, किस रंग के होंगे, इसका निर्धारण किया जाएगा। परिवहन विभाग ने इसको लेकर कवायद शुरू कर दी है। राजधानी को जाम और प्रदूषण से बचाने के लिए ऐसा किया जा रहा है। इतना ही नहीं, रूट के आधार पर ही ऑटो और ई-रिक्शा को परमिट दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक रूट पर चलने वाले ऑटो और ई-रिक्शा का अलग कोड होगा। कोड के साथ लोगो भी दिया जाएगा ताकि एक रूट का ऑटो दूसरे रूट पर नहीं चल सके। इससे अनावश्यक गाड़ियों के बोझ से सड़क को राहत मिलेगी। जाम से मुक्ति मिलेगी। जानकारी के अनुसार, शहर में सबसे अधिक ऑटो का परिचालन नेहरू मार्ग पर होता है। इसके अलावा ऑटो और ई-रिक्शा अशोक राजपथ, गांधी मैदान से दीघा, दानापुर, पटना जंक्शन से बोरिंग रोड, पटना जंक्शन से फुलवारीशरीफ, पटना जंक्शन से कंकड़बाग, गायघाट, हनुमान नगर के लिए चलते हैं। इसके अलावा ई-रिक्शा का परिचालन सबसे अधिक गांधी मैदान से पटना सिटी के लिए हो रहा है। पटना के शहरी क्षेत्र में 17 हजार से अधिक सीएनजी ऑटो चल रहे हैं। जबकि ऑटो की कुल संख्या 35 हजार से अधिक है। ई-रिक्शा की संख्या 11 हजार 593 है।
ई-रिक्शा का रूट और किराया निर्धारण नहीं होने से बढ़ी जाम की समस्या
जहां एक और शहर में ई-रिक्शा की संख्या लगातार बढ़ रही है वहीं पेट्रोल और डीजल की बढ़ी कीमतों के बाद अब ई-रिक्शा चालक भी मनमाना किराया वसूल करते हैं। इसके साथ-साथ शहर में ई-रिक्शा चालकों के रूट का निर्धारण नहीं होने के कारण आए दिन सड़क के बड़े चौक चौराहे पर जाम की समस्या बनी रहती है जिसके कारण आम लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या के समाधान हेतु परिवहन विभाग आने वाले समय में शहर के ई रिक्शा चालकों को भी उनके रूप के हिसाब से परमिट जारी करेगा और निर्धारित रूट से अन्य रूट पर गाड़ी चलाने पर उन पर जुर्माना भी लगाया जाएगा जिसके शहर में जाम और मनमाने किराए की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।

You may have missed