February 19, 2026

पटना पुलिस को बड़ी कामयाबी : कुख्यात साइबर अपराधी गिरफ्तार, बेलछी का है रहने वाला, 60 ATM और 1.50 लाख रुपए बरामद

पटना। पटना पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। साइबर अपराध की दुनिया में बड़ा नाम कुख्यात मुन्ना कुमार को पत्रकार नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसे बीते गुरुवार की शाम पांच बजे के करीब उस वक्त गिरफ्तार किया गया, जब वह राजेंद्र नगर गोलंबर के पास के एक एटीएम से ठगी के रुपए निकालने जा रहा था। पुलिस को देखते ही उसका एक साथी बाइक से भागने में सफल रहा, जबकि मुन्ना पकड़ा गया। 30 साल का मुन्ना मूल रूप से पटना जिला के ही बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत बेलछी का रहने वाला है। उसके पास से पुलिस ने 60 एटीएम और डेढ़ लाख रुपए नकद बरामद किया है। मुन्ना को जेल भेज दिया गया है।


ग्रुप का सरगना है नालंदा निवासी शंभुनाथ
पूछताछ में मुन्ना ने स्वीकारा है कि वह लोगों को कॉल कर उन्हें इनाम मिलने, केवाईसी कराने, लाटरी लगने जैसे लालच देकर ठगी करता था। इस काम में उसके साथ ग्रुप का सरगना नालंदा निवासी शिवशंकर उर्फ शंभुनाथ और अन्य 7-8 लोग हैं। शंभुनाथ तब उसके साथ ही था, जब वह एटीएम से रुपए निकालने गया था, लेकिन पुलिस को आते देख वह छोड़कर बाइक से भाग निकला।
बाइपास में बना रहा करोड़ों का मकान
पत्रकार नगर थाना प्रभारी मनोरंजन भारती के अनुसार साइबर अपराधी मुन्ना ने बताया है कि वे लोग ठगी के रुपए का इस्तेमाल ऐशो-आराम की जिंदगी जीने के लिए करते थे। शंभुनाथ इन रुपए से पटना के बाइपास के छोटी पहाड़ी मोहल्ले में एक तीन मंजिला आलिशान घर बनवा रहा है। इसकी जमीन और बनवाने की लागत लाखों रुपयों में है। थाना प्रभारी के अनुसार, मुन्ना के बताए मकान की पहचान कर ली गई है। उसे जब्त करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

You may have missed