मुंगेर : शव को ले जाने के लिए कोई वाहन नहीं हुआ तैयार, कंधा देकर ट्रैक्टर से ले गए व अंतिम संस्कार किया

मुंगेर । जिले के हवेली खड़गपुर प्रखंड की बैजलपुर पंचायत के प्रसन्नडो गांव में रहने वाले प्रकार नारायाण सिंह की पत्नी की कोरोना से मौत हो गई। परिजन बिना पीपीई किट के ही शव को अंतिम संस्कार के लिए मुंगेर ले गए। इसमें उनके परिवार के कुछ संक्रमित सदस्य भी शामिल हैं। उन्हें होम आइसोलेशन में रहने का निर्देश दिया गया था।

जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले महिला को सांस लेने में दिक्कत हुई थी। इलाज के लिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हवेली खड़गपुर लाया गया था। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. लाल बहादुर गुप्ता ने बताया कि महिला जांच में कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। उसे सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही थी। उसे मुंगेर रेफर किया गया था।

महिला के पारिवारिक सदस्य और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सदस्य हिमांशु कुमार सिंह ने कहा, ‘मेरी दीदी को सांस लेने में परेशानी के बाद रेफर किया गया। मुंगेर के अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया। इसके बाद परिजन मंगलवार को उन्हें घर वापस ले आए। यहां आॅक्सीजन की कमी से जूझते हुए गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई।’

उन्होंने बताया कि महिला के परिवार के कई सदस्य कोविड पॉजिटिव हैं। ऐसे में दाह संस्कार के लिए कोई भी वाहन तैयार नहीं हुआ। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को परिस्थिति की जानकारी दी गई लेकिन उन्होंने मोर्चरी वाहन की कमी की बात कही। मृतक महिला का अंतिम संस्कार करने वाले परिवार के सदस्य पॉजिटिव थे। वे शव को कंधा देकर ट्रैक्टर के जरिए मुंगेर स्थित विद्युत शवदाह गृह लाए। जहां उनका अंतिम संस्कार हुआ।

About Post Author

You may have missed