PATNA : NMCH की महिला डॉक्टर की PMCH के गर्ल्स हॉस्टल में मिली संदिग्ध हालत में लाश, सनसनी

पटना। राजधानी पटना के पीएमसीएच के गर्ल्स हॉस्टल के कमरे से एक महिला डॉक्टर की संदिग्ध हालत में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। 34 साल की मृतका महिला डॉक्टर का नाम शिवांगी था। वह मूल रूप से पटना के ही रामकृष्णा नगर इलाके की रहने वाली थी। डॉ. शिवांगी 4 सितंबर को ही एनएमसीएच के एनेस्थीसिया डिपार्टमेंट को ज्वाइन किया था, वह उक्त डिपार्टमेंट में सीनियर रेजिडेंट के पद पर कार्यरत थीं। साल 2009 में इन्होंने पीएमसीएच से एमबीबीएस किया था। इसके बाद पीएमसीएच से ही 2017-2020 के सेशन में पीजी कम्पलीट किया था। वह लगातार पीएमसीएच के गर्ल्स हॉस्टल में चौथी मंजिल पर स्थित कमरा नंबर 70 में अकेली ही रह रही थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह 9 बजे के करीब डॉ. शिवांगी का कमरा अंदर से बंद था। देर तक जब उनका कमरा नहीं खुला तो हॉस्टल में रहने वाली साथियों ने बाहर से काफी देर तक आवाज लगाई। काफी समय बीतने के बाद जब शिवांगी ने कोई रिस्पॉन्स नहीं दिया तो प्रिंटिंग प्रेस चलाने वाले उनके पिता को कॉल कर इसकी खबर दी गई। कुछ देर बाद ही पूरा परिवार पीएमसीएच के गर्ल्स हॉस्टल पहुंच गया। परिवार के लोगों ने भी काफी आवाज लगाई। उसके मोबाइल फोन पर कई बार कॉल किया, फिर भी कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला तो परिवार के लोगों ने अंत में कमरे के गेट को तोड़ दिया। जब वे डॉक्टर शिवांगी के कमरे के अंदर दाखिल हुए तो स्थिति को देख मौजूद सभी लोगों के होश उड़ गए। डॉ. शिवांगी की लाश बेड पर पड़ी हुई थी। परिवार वालों ने बताया कि बीते 4 सितंबर को ही डॉ. शिवांगी ने एनएमसीएच के एनेस्थीसिया डिपार्टमेंट को ज्वाइन किया था। इसके बाद पीएमसीएच टीओपी प्रभारी प्रवीण कुमार को मामले की जानकारी दी गई। पीरबहोर थाना और टीओपी की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पीरबहोर थानाध्यक्ष रिजवान अहमद के अनुसार, पूरा मामला संदेहास्पद है। पुलिस को शक है कि डॉ. शिवांगी ने जहर खाया होगा या फिर कोई जहरीला इंजेक्शन लिया होगा। मौत कैसे हुई इसकी वजह जानने के लिए बिसरा जांच भी कराई जाएगी। हॉस्टल के कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। डॉ. शिवांगी के संदिग्ध और रहस्यमयी मौत के पीछे की वजह क्या है? पुलिस की टीम इसके बारे में पता लगाने में जुटी हुई है।

You may have missed