PATNA : 554वें प्रकाश पर्व को लेकर CM नितीश ने की समीक्षा बैठक, श्रद्धालुओं के ठहरने की हो बेहतर व्यवस्था, पटना से राजगीर जाने के लिए चलेंगी स्पेशल बसें

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प में बैठक कर गुरुनानक देव के 554वें पावन प्रकाश गुरु पर्व पर राजगीर एवं पटना साहिब में आयोजित होनेवाले समारोह की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आनेवाले श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। वही अधिकारियों ने बताया कि गुरुनानक देव महाराज का 554वां प्रकाश गुरु पर्व 3 से 5 नवंबर को गुरुद्वारा गुरुनानक, शीतलकुंड, राजगीर तथा 6 से 8 नवंबर, 2022 को तख्त हरिमंदिर जी, पटना साहिब में मनाने की तैयारियां की जा रही है। 5 नवंबर को गुरुद्वारा शीतलकुंड राजगीर तथा 8 नवंबर को तख्त हरिमंदिर जी, पटना साहिब में मुख्य दीवान का आयोजन किया जाएगा।
देश और विदेशों से बड़ी संख्या में आएंगे श्रद्धालु
वही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गुरुनानक देव महाराज के 554वें पावन प्रकाश पर्व पर देश के विभिन्न हिस्सों एवं विदेशों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आएंगे। राजधानी पटना से राजगीर जाने के लिए पर्याप्त संख्या में बस उपलब्ध रखें। आनेवाले श्रद्धालुओं के ठहरने की बेहतर व्यवस्था के साथ-साथ साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रखें। वही उन्होंने कहा की श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए ई-रिक्शा की व्यवस्था रखें। बैठक में वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी, CM के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी मौजूद थे।
CM ने गुरुनानक देव के 554वें प्रकाश पर्व पर तैयारियों की समीक्षा में दिए निर्देश
वही मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 350वें प्रकाश पर्व पर बड़ी संख्या में लोग देश-विदेश से आए थे। सभी धर्मों और सभी वर्गों के लोगों ने मिल जुलकर उनका सहयोग किया था। इससे उनके मन में बिहार और बिहारवासियों के प्रति काफी अच्छी भावना पैदा हुई थी। वही उन्होंने कहा कि जो भी श्रद्धालु यहां आएंगे, उनकी सेवा एवं सहयोग के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहे। दुनिया भर के सभी सिख श्रद्धालुओं के लिए पटना साहिब महत्वपूर्ण स्थल है। राजगीर भी सभी धर्मों के श्रद्धा का केंद्र है। जो भी सिख श्रद्धालु पटना आएंगे, वे राजगीर भी जाएंगे। हमलोगों को उनकी हर जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उन्हें पूरा सहयोग करना है और अपने दायित्वों का निर्वहन करना है।

About Post Author

You may have missed