February 15, 2026

दिल्ली में नीतीश ने आडवाणी से की मुलाकात, भारत रत्न मिलने पर दी बधाई

  • मुख्यमंत्री बोले- मेरा आडवाणी जी से पुराना रिश्ता, इनको सम्मान मिलना बड़े खुशी की बात है

नई दिल्ली/पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व उप-प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात की। उनके साथ पूर्व जेडीयू अध्यक्ष ललन सिंह और पूर्व मंत्री संजय झा भी थे। सीएम ने आडवाणी के घर जाकर उनको ‘भारत रत्न’ मिलने पर बधाई दी। इसके बाद वह दिल्ली स्थित जेडीयू कार्यालय भी जाएंगे। जहां पार्टी नेताओं के साथ मीटिंग करेंगे। दिल्ली के दो दिवसीय दौरे के बाद आज शाम तक पटना लौट सकते हैं। बीजेपी के दिग्गज नेता और पूर्व डिप्टी पीएम लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात के बाद उन्होंने पहली प्रतिक्रिया दी है। मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, “मेरा उनसे (लालकृष्ण आडवाणी) पुराना रिश्ता है। जब इसकी (भारत रत्न) घोषणा की गई तो मैंने उन्हें बधाई दी थी। आज उनसे मिलकर मुझे खुशी हुई। बिहार में 12 फरवरी को फ्लोर टेस्ट होना है। उसके बाद मंत्रिमंडल विस्तार भी होना है। इससे पहले वह दिल्ली में लगातार बीजेपी नेताओं से मिल रहे हैं। लोकसभा चुनाव में सीट शेयरिंग समेत अन्य मसलों को लेकर उन्होंने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की।
28 जनवरी को एनडीए में नीतीश की वापसी
नीतीश कुमार 9 अगस्त 2022 को एनडीए से अलग हो गए थे और विपक्षी दलों को एकजुट करने के सूत्रधार भी बने थे लेकिन अचानक मुख्यमंत्री ने महागठबंधन को छोड़कर 28 जनवरी को एनडीए में शामिल हो गए। एनडीए में आने से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दूरी बनाते रहे हैं। नीति आयोग की बैठक से लेकर मुख्यमंत्री की बैठक में भी शामिल नहीं हो रहे थे लेकिन पिछले साल की-20 सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति की ओर से आयोजित भोज में 7 सितंबर 2023 को शामिल हुए थे और प्रधानमंत्री से भी मिले थे। इसके पहले नीतीश ने दिल्ली में पीएम और अमित शाह और जेपी नड्डा से भी मिले। अमित शाह से उनकी दिसंबर में भी पटना में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक के दौरान मुलाकात हुई थी। उस समय नीतीश कुमार महागठबंधन में थे और अब एनडीए में है। अमित शाह से कई मुद्दों पर बातचीत होने की खबर है। इस दौरान सीएम के साथ उनके नजदीकी पूर्व मंत्री संजय झा भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं का लोकसभा चुनाव को लेकर जल्द ही बिहार में कार्यक्रम भी होने वाला है। पीएम बिहार को बड़ी सौगात भी देंगे। नीतीश सरकार के बहुमत प्राप्त करने के बाद फरवरी में ही प्रधानमंत्री का कार्यक्रम होगा और लोकसभा चुनाव प्रचार का आगाज भी हो जाएगा। इसलिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का इस बार दिल्ली दौरा और पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा से मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

You may have missed