नीतीश कुमार बिहार के सबसे सफल मुख्यमंत्री, चुनाव में वहीं एनडीए का नेतृत्व करेंगे : विजय सिन्हा

पटना। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बिहार विधानसभा चुनाव के ऊपर दिए गए बयान के बिहार की सियासत गर्म हो गई है। नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड लगातार अपने सोशल मीडिया पोस्ट और पोस्ट के माध्यम से यह बता रही है कि 2025 बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार ही एनडीए के नेता होंगे। इसके बाद बिहार की सियासत में उठा पटक का दौर जारी है, इसी बीच मंगलवार को दिल्ली से पटना लौटे बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने चुनाव में नेतृत्व को लेकर बड़ा बयान दिया। उप मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि बिहार के इतिहास में नीतीश कुमार बिहार के सबसे सफल मुख्यमंत्री हैं और आगामी बिहार विधानसभा 2025 में एनडीए गठबंधन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ेगा और प्रचंड जीत हासिल करेगा। एनडीए के नेता नीतीश कुमार है और नीतीश कुमार ही रहेंगे। इसके पहले गृह मंत्री अमित शाह ने एक बयान में कहा था कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए का नेतृत्व कौन करेगा इस पर अंतिम फैसला संसदीय बोर्ड की बैठक में होगा। वहीं बिहार भाजपा के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने भी पहले कहा था कि नीतीश हमारे गठबंधन का नेतृत्व करेंगे लेकिन उसके अगले दिन ही वे अपनी बातों से पलट गये थे। इसे लेकर जदयू में नाराजगी बताई गई थी। हालाँकि अब भाजपा की ओर से एक के बाद एक कई नेताओं ने नीतीश कुमार के नेतृत्व करने को लेकर बयान दिया। वहीं उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भी नीतीश के नाम पर सहमति भरे स्वर में बात की है। विजय सिन्हा भाजपा कोर कमिटी की बैठक में दिल्ली में मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार उस बैठक में भी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर अहम चर्चा हुई।
जंगलराज के युवराज हैं तेजस्वी
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा को विपक्ष द्वारा दुर्गति यात्रा कहने पर विजय सिन्हा ने तेजस्वी यादव को जमकर सुनाया। उन्होंने कहा कि बिहार में अराजकता फैलाने वाले जंगल राज के युवराज सोने का चम्मच लेकर जन्म लिए हैं। वह सत्ता के लालच में इस तरह का बयान दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष की इन बातों का कोई असर नहीं होगा। नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा को शानदार सफलता मिलेगी।
कांग्रेस पर जमकर बरसे विजय सिन्हा
वहीं बीआर अम्बेडकर के मुद्दे पर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर विजय सिन्हा जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि इसी कांग्रेस ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को प्रताड़ित करके मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिलवाया। ये लोग मिलकर अंबेडकर को चुनाव हरवाने का काम किए। यदि बाबा भीमराव अंबेडकर से इतना ही लगाव था तो उनकी कहीं मूर्ति तक नहीं लगवाए। भीमराव अंबेडकर इन लोगों ने प्रधानमंत्री क्यों नहीं बनने दिया। इन सभी सवालों का कांग्रेस को जवाब देना चाहिए।
