February 11, 2026

CM नीतीश एक्टिव मूड में : 7 जिलों में बाढ़ की स्थिति का लिया जायजा, कहा- सबकी राहत व सहायता के लिए सब तरह से की जाएगी मदद

पटना। बिहार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों एक्टिव मूड में हैं। ताबड़तोड़ प्रदेश के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण व मौके पैदल जाकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और अधिकारियों को दिशा निर्देश भी दे रहे हैं। इसी कड़ी में सीएम नीतीश आज 7 जिलों का हवाई सर्वेक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस, आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल एवं मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार मौजूद थे। बता दें 2 अक्टूबर को पटना, नालंदा और नवादा जिले के प्रभावित इलाकों का सड़क मार्ग से जायजा लिया था।
मंगलवार को वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज एवं सारण जिले के अतिवृष्टि से प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण के पश्चात पटना हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि अधिक वर्षापात के कारण अनेक जगहों पर फसल बर्बाद हुई है और लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि आज जिन जिलों का हवाई सर्वेक्षण कर जायजा लिया है। पहले से भी इन क्षेत्रों के जो प्रभावित इलाके हैं उनकी भी जानकारी ली है। आज इसी संदर्भ में सभी संबद्ध जिलों एवं विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। उन्होंने कहा कि इसके पहले भी हमलोगों ने बाढ़ से प्रभावित इलाकों का आकलन किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ से फसल क्षति तथा जो फसल लगा नहीं सके, उन सभी को दी जाने वाली सहायता को लेकर सब कुछ तय कर दिया गया है। सभी जिलों के प्रभारी मंत्रियों ने जिलों में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर एक-एक चीज का एसेस्मेंट किया है। इधर, फिर अधिक वर्षापात शुरू हुई है, इससे लोग प्रभावित हुए हैं। आज होने वाली बैठक के पूर्व ही सभी प्रभावित जगहों का आकलन करने का निर्देश दे दिया है। उन्होंने कहा कि पहले से जो प्रभावित इलाके हैं, उसके अलावा जो अब प्रभावित हुए हैं उन सबकी राहत एवं सहायता के लिए सब तरह से मदद की जाएगी। आपदा प्रबंधन को लेकर शुरू से हमलोग राहत के लिए काम करते आ रहे हैं। चार माह हम इन्हीं चीजों को लेकर पूरी तरह अलर्ट रहते हैं। अब माना जा रहा है कि वर्षापात की स्थिति घटेगी, लेकिन इसके बाद भी अगर कहीं कोई समस्या उत्पन्न होती है तो लोगों की सहायता की जाएगी।

You may have missed