नीतीश को बिहार के विकास से कोई मतलब नहीं, उनके लिए उनकी पार्टी सबकुछ : प्रशांत किशोर
पटना। प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि नीतीश कुमार को बिहार की विकास से कोई लेना-देना नहीं है। उनकी प्राथमिकता सिर्फ उनकी पार्टी है और वह सिर्फ अपनी पार्टी के बारे में सोचते हैं। नीतीश कुमार केंद्र सरकार से बात करने गए हो कि बिहार में चीनी मिल कब चालू होगा। केंद्र सरकार से उन्होंने कभी भी बिहार के विकास के लिए किसी भी रणनीति पर चर्चा नहीं की। प्रशांत किशोर ने कहा कि मुख्यमंत्री केवल जदयू की सीटों के बंटवारे, एमएलसी टिकट और राज्यसभा की चर्चा के लिए दिल्ली में दो-दो दिन बैठते हैं, लेकिन बिहार के बच्चों का पलायन कैसे रोका जाए, इस पर 18–19 साल में कोई वर्कशॉप, कोई बैठक, कोई प्रयास नहीं किया गया है। जब तक प्रयास शुरू नहीं होंगे, तब तक कुछ नहीं बदलेगा, लेकिन यहां तो सरकार प्रयास ही नहीं कर रही। नेता हंसते हुए कहते हैं कि अगर बिहार के लोग दिल्ली और मुंबई नहीं जाएंगे, तो वहां की व्यवस्था ठप हो जाएगी। यह कोई गर्व की बात नहीं है। जन सुराज के सुत्रधार प्रशांत किशोर ने कहा कि हमारे भाई-बंधु दिल्ली और मुंबई में कूड़ा-कचरा साफ कर रहे हैं, ठेले पर सब्जी बेच रहे हैं, यह कोई गर्व की बात नहीं हैं। यह गर्व की बात तब होती, जब बिहार के लड़के यहां गया, औरंगाबाद में सब्जी उगाते और ट्रेन से दिल्ली भेजते। तब हम गर्व से कहते कि अगर बिहारियों को गाली दोगे तो सब्जी की आपूर्ति बंद हो जाएंगी, तब दिल्ली में समस्या खड़ी हो जाएगी, लेकिन यहां के नेताओं की मानसिकता देखिए, वो इसे गर्व की बात मानते हैं कि बिहारी मजदूर दिल्ली में सफाई और मजदूरी का काम कर रहे हैं।


