मंत्री इसराईल मंसूरी पर मुंह खोले नीतीश सरकार, मुख्यमंत्री के चुप बैठने का कोई औचित्य नहीं : विजय सिन्हा
पटना। मंगलवार को बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष ने कई मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया। विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि ऐसे सदन चलाने से क्या फायदा जब सरकार गंभीर मुद्दों पर जवाब ही नहीं देती है। बजट सत्र में महज 4 दिन बचे हैं, ऐसे में सरकार मंत्री इसराईल मंसूरी, कृषि रोड मैप में भ्रष्टाचार पर कब जवाब देगी। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मंत्री इसराईल मंसूरी पर हत्या के आरोप लगे थे। मुख्यमंत्री ने सदन में आश्वासन दिया था कि इसकी जांच कराई जायेगी। इसके बाद सरकार के स्तर से क्या कार्रवाई की गई इस बारे में मुख्यमंत्री को जवाब देना चाहिए। नेता प्रतिपक्ष ने शिक्षक बहाली, कृषि रोड मैप समेत कई अन्य मुद्दों पर स्पीकर के माध्यम से सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया और जवाब मांगा। विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि मंत्री इसराईल मंसूरी पर सरकार क्यों नहीं कार्रवाई कर रही। इसके बाद राजद विधायक भाई वीरेन्द्र ने कहा कि जिस तरह से लाल कपड़ा देखकर सांढ भड़क जाता है वैसे ही इसराईल मंसूरी के नाम पर भाजपा वाले भड़क रहे। वही इसके पहले बीजेपी विधायकों ने पहले विधानसभा के बाहर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद सदन में भी विधायकों ने बिजली दरों का मुद्दा उठाया। बीजेपी विधायकों ने सरकार से बिजली दरों को बढ़ाने का फैसला वापस लेने की मांग की। इसके साथ ही किसानों को मुआवजा देने की मांग को लेकर भी बिहार विधानसभा के बाहर प्रदर्शन हुआ। वही सोमवार को भी विपक्ष ने बिजली बिल को लेकर जमकर हंगामा किया था। बढ़े हुए बिजली बिल को लेकर बीजेपी ने विधानसभा के अंदर और बाहर हंगामा किया था।


