फतुहा में नाइट कर्फ्यू चोरों के लिए साबित हुआ वरदान : 10 दिन में खंगाल डाले कई घर व दुकान, पुलिस परेशान

फतुहा। जहां एक ओर लोग कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर लोग घरों में कैद हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार द्वारा लगाया गया नाइट कर्फ्यू चोरों के लिए वरदान साबित हुआ है। देखा जाए तो पटना के फतुहा प्रखंड में बीते दस दिन के अंदर नाइट कर्फ्यू में चोरों ने दो दुकान व दो घरों को निशाना बनाकर लाखों का सामान उड़ा डाले। नाइट कर्फ्यू की अवधि शुरू होते ही लोग अपने-अपने घर चले जाते है। सड़क व गलियों में सन्नाटा पसर जाता है। यही समय चोरों के लिए वरदान साबित हो रहा है।
बता दें बीते 27 अप्रैल को गोविंदपुर बाइपास में जहां फर्नीचर दुकान से चोरों ने मोबाइल फोन व पांच हजार रुपए चोरी कर लिए थे, वहीं 29 अप्रैल को रायपुरा के निजी स्कूल के शिक्षक संजय कुमार के बंद घर से तीन लाख रुपए की गहने समेत कई सामान उड़ा डाले थे। पुलिस इन घटनाओं की जांच पड़ताल शुरू ही की थी कि बीते पांच मई की रात में चोरों ने गोविंदपुर बाजार के एक इलेक्ट्रिक दुकान का ताला काट कर करीब ढाई लाख रुपए की सामान नकदी समेत चोरी कर ली। इस घटना से परेशान पुलिस सही तरीके से सांस भी नहीं ले पाई थी कि बीते बुधवार की शाम सोनारु के पटेल नगर स्थित एक रिटायर्ड हवलदार के घर से करीब छह लाख रुपये की गहने, बर्तन, टीवी व कीमती कपड़े चोरी कर ली। नाइट कर्फ्यू में लगातार हो रही चोरी से पुलिस भी काफी परेशान है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सभी चोरी की घटनाओं की गंभीरता से छानबीन की जा रही है। जल्द ही इस मामले का उद्भेदन किया जाएगा तथा चोरों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

You may have missed