खबरें बाढ़ की : युवक गंगा में डूबा, अचला सप्तमी पर गंगा स्नान, लता जी को श्रद्धांजलि, अधिकारी-कर्मचारियों की किल्लत
मूर्ति विसर्जन के दौरान एक युवक गंगा में डूबा, खोजबीन जारी
बाढ़। बाढ़ थाना क्षेत्र के बाबू घाट में मूर्ति विसर्जन के दौरान एक व्यक्ति गंगा नदी में डूब गया। डूबने की खबर मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंची और नदी में युवक की खोजबीन शुरू कर दी गई। बता दें प्रशासन द्वारा गंगा नदी में मूर्ति विसर्जन करने को लेकर मनाही की गई थी। बावजूद इसके गंगा नदी में मूर्तियों का विसर्जन किया जा रहा है।
बताया जाता है कि सोमवार को बख्तियारपुर से एक युवक अपनी पत्नी की इंटर की परीक्षा दिलाने हेतु बाढ़ पहुंचा था लेकिन नजदीक के रिश्तेदार के मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम में शामिल हो गया। मूर्ति विसर्जन के दौरान युवक गंगा नदी के गहरे पानी में चला गया, जहां वह डूबने लगा। स्थानीय लोगों द्वारा उसे बचाने का भरसक प्रयास किया गया लेकिन सफल नहीं हो सके। बाद में बाढ़ थाना की पुलिस को सूचना देने के उपरांत स्थानीय गोताखोरों की सहायता से युवक को खोजने की कोशिश की जा रही है।

अचला सप्तमी पर गंगा स्नान करने वालों की उमड़ी भीड़
बाढ़। सोमवार को गंगा के कई घाटों पर गंगा स्नान करने वाले लोगों की काफी भीड़ देखी गयी। वसंत पंचमी के बाद सप्तमी के दिन माघे-साते को यानी माघ की सप्तमी तिथि को गंगा स्नान का विशेष महत्व है। इस अवसर पर सैंकड़ों की संख्या में श्रद्धालु बाढ़ के अलखनाथ घाट, उमानाथ घाट, गौरीशंकर घाट, सीढ़ी घाट, संगत घाट, बनारसी घाट आदि जगहों पर स्नान कर पूजा-पाठ किए। हालांकि इस दौरान कोरोना गाइडलाइन का कहीं पालन नहीं किया गया।
कहा जाता है कि माघ महीने के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को सूर्यदेव अपने सात घोड़े वाले रथ पर प्रकट हुए थे और पूरी सृष्टि को प्रकाशित किया था, जिस कारण से हर साल माघ मास की सप्तमी तिथि को सूर्य जयंती के रूप में मनाया जाता है तथा सूर्य भगवान की पूजा-आराधना की जाती है। इसे अचला सप्तमी के रूप में भी जाना जाता है। अचला सप्तमी का हिन्दू धर्म में विशेष महत्व है। इसे कई नामों भानुसप्तमी, आरोग्य सप्तमी आदि नामों से जाना जाता है। मान्यता है कि इस अवसर पर सूर्य भगवान की पूजा-अर्चना निष्ठा एवं भक्ति पूर्वक करने से हर प्रकार के रोग से मुक्ति मिलती है तथा धन-धान्य में वृद्धि होती है। इसे सूर्य जयंती के रूप में भी मनाया जाता है।
भारत रत्न लता जी को दी गयी अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि
बाढ़। पटना के बाढ़ अनुमंडल के मोकामा प्रखंड के पश्चिमी जिला पार्षद नवनीत हिमांशु उर्फ मोहित पासवान के आवास पर भारत रत्न दिवंगत स्वर कोकिला एवं संगीत की दुनिया की महान शख्सियत लता मंगेश्कर की याद में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पार्षद श्री हिमांशु ने लता जी के तैल चित्र पर फूल-माला अर्पित कर उन्हें याद किया तथा बॉलीवुड सहित संगीत के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि लता जी सरस्वती की दूसरी अवतार थी। इस अवसर पर कई गणमान्य लोग उपस्थित हुए।
बेलछी प्रखंड कार्यालय में अधिकारी-कर्मचारियों की किल्लत, विकास कार्य हो रहे बाधित
बाढ़। बेलछी प्रखंड में अधिकारी और कर्मचारियों की किल्लत के चलते कई विकास कार्य बाधित हो रहे हैं। प्रखंड विकास पदाधिकारी उषा कुमारी ने बताया कि प्रखंड में ना तो कृषि पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, मनरेगा पदाधिकारी के जगह कोई दूसरे प्रखंड के पदाधिकारी प्रभार में हैं जो कि कभी-कभी ही प्रखंड आने का काम करते हैं। प्रखंड में 7 पंचायत हैं लेकिन एक ही पंचायत सचिव होने के चलते काम बाधित हो रहा है। वह भी साल भर के बाद रिटायर कर जाएंगे, जबकि प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी भी प्रखंड में नहीं है, जिसके चलते अथमलगोला के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अरुण कुमार प्रभार में हैं। वहीं प्रखंड आपूर्ति के डाटा आॅपरेटर 10 साल से डटे हुए हैं और स्थानीय होने के चलते जनवितरण दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

