खबरें फतुहा की : सांसद कार्यकर्ताओं से मिले, निर्वाचित सदस्यों को शपथ, फरार आरोपी गिरफ्तार
सांसद ने भाजपा कार्यकर्ताओं से की मुलाकात, जन समस्याओं को सुना
फतुहा। बुधवार की शाम पूर्व केंद्रीय मंत्री सह पटना साहिब सांसद रविशंकर प्रसाद फतुहा पहुंचे तथा दरियापुर में भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके समक्ष जन समस्याओं को रखा। कार्यकर्ताओं ने शहर के अंदर महिला कॉलेज की स्थापना करने की मांग के साथ ही डीलक्स शौचालय, स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव देने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने समय-समय पर क्षेत्र में लोगों से मिलकर उत्पन्न होने वाली समस्याओं के निदान करने की मांग भी की। उन्होंने डीलक्स शौचालय व ट्रेनों की ठहराव के विषय में जल्द ही करवाने तथा महिला कालेज के लिए संबधित विभाग से विचार-विमर्श कर आगे की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं में विपिन बिहारी सिंह, शोभा देवी, पारसनाथ यादव, रामतीर्थ कुमार, अनामिका अग्रवाल, राजेन्द्र राणा, सुनील वर्मा, समेत सैकड़ो लोग मौजूद थे।

तीन पंचायतों के निर्वाचित सदस्यों को दिलाई गयी शपथ
फतुहा। बुधवार को प्रखंड परिसर में तीन पंचायत कोल्हर, मोहिउद्दीनपुर व मासाढी पंचायत के सभी निर्वाचित सदस्यों को बीडीओ धर्मवीर कुमार के द्वारा शपथ दिलाई गयी। इस दौरान तीनों पंचायत के लिए उप मुखिया व उपसरपंच के लिए चुनाव कराया गया। कोल्हर पंचायत के लिए रविन्द्र यादव, मासाढी पंचायत के लिए शंभु कुमार व मोहिउद्दीनपुर पंचायत के लिए अमरेंद्र कुमार उप मुखिया निर्वाचित किए गये। वहीं कोल्हर पंचायत के लिए रेखा देवी, मासाढी पंचायत के लिए सोनी कुमारी उपसरपंच के लिए निर्वाचित घोषित किए गए तथा मोहिउद्दीनपुर पंचायत से दिलीप कुमार सिंह दूसरी बार उपसरपंच के लिए निर्विरोध चुने गये।
चार कांडों का फरार आरोपी गिरफ्तार
फतुहा। बुधवार को पटना के नदी थाना की पुलिस ने पूर्व के चार कांडों के फरार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी थाना क्षेत्र के फतेहजामपुर निवासी संजय यादव है। नदी थाना एसएचओ धर्मेंद्र प्रसाद के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पर पूर्व के सभी चार कांडों में शराब बेचे जाने का आरोप है। विदित हो कि गिरफ्तार आरोपी पुलिस के छापेमारी से बार-बार बच जा रहा था। लेकिन इस बार गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया।

