खबरें फतुहा की : मालवाहक टेम्पो जब्त, वृद्ध ने छुरा पेट में भोंका, एक पॉजिटिव

देसी शराब लदी मालवाहक टेम्पो जब्त, चालक गिरफ्तार
फतुहा। शुक्रवार को अहले सुबह नदी थाना पुलिस ने कच्ची दरगाह पीपा पुल के पास से देसी शराब लदी एक मालवाहक टेम्पो को जब्त किया है। टेम्पो के डाले के नीचे बने तहखाने से पुलिस ने 90 लीटर देसी शराब जब्त किया है। मौके से पुलिस ने मालवाहक टेम्पो चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार टेम्पो चालक वैशाली जिले के रुस्तमपुर निवासी संजय कुमार है। नदी थाना एसएचओ धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि शराब को टेम्पो द्वारा पटना बाइपास में ले जाने की तैयारी थी। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की है।

वृद्ध ने पारिवारिक कलह में छुरा पेट में हीं भोंका
फतुहा। शुक्रवार की सुबह पटना के नदी थाना क्षेत्र के सबलपुर में आसपास के लोग उस समय हतप्रभ रह गए जब एक वृद्ध ने पारिवारिक कलह में छुरा को अपने पेट में हीं भोंक कर आत्महत्या करने का असफल प्रयास किया। वृद्ध ने स्वयं को छुरा भी इस तरह घोंपा की छुरा पेट के मांसपेशियों में फंसकर झुलने लगा। सूचना मिलते ही नदी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा उसे उसी अवस्था में सबलपुर स्थित पीएचसी में भर्ती कराया। पीएचसी में उसके पेट में फंसे छुरे को निकाल बेहतर इलाज के लिए एनएमसीएच भेज दिया। जख्मी वृद्ध सबलपुर के रहने वाले अशोक तिवारी हैं, जो सबलपुर स्थित किसी मंदिर में रहकर अपना जीवन यापन करते हैं। पुलिस के मुताबिक इस संदर्भ में जख्मी ने कोई शिकायत दर्ज नहीं करायी है।
63 लोगों का हुआ रैपिड एंटीजन जांच, एक पॉजिटिव
फतुहा। शुक्रवार को सीएचसी में कुल 63 लोगों का रैपिड एंटीजन किट से कोरोना की जांच की गई। जांच उपरांत एक शख्स पॉजिटिव पाया गया। वहीं बीते दो दिन पहले तक 209 लोगों की आयी आरटीसीआर रिपोर्ट में 4 शख्स पॉजिटिव पाए गए हैं। 80 लोगों की वैक्सीनेशन में 40 किशोर को भी टीका लगाया गया। 19 सीनियर सिटीजन को बूस्टर डोज लगाए गये।