February 15, 2026

खबरें फतुहा की : मछुआरा गंगा नदी में डूबा, दुकान से दो लाख की चोरी

नाव से गिरकर मछुआरा गंगा नदी में डूबा, मौत
फतुहा। मंगलवार को त्रिवेणी संगम के पास गंगा में नाव से गिरकर एक 25 वर्षीय मछुआरा डूब गया। जानकारी होते ही स्थानीय लोगों ने गोताखोर के माध्यम से शव को बाहर निकाला। बेहोश समझ पास के ही एक चिकित्सक के पास ले जाया गया लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान समसपुर निवासी शनिचर साहनी के पुत्र सियाराम साहनी के रुप में हुई है। बताया जाता है कि वह गंगा में डेंगी पर सवार होकर मछली पकड़ने का काम कर रहा था, तभी वह असंतुलित होकर गंगा में जा गिरा। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

जेनरल स्टोर की दुकान से दो लाख का सामान चोरी
फतुहा। सोमवार की रात्रि पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के नरैना गांव के पास स्थित एक जेनरल स्टोर के दुकान से गेट तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने दुकान से प्रिंटर सेट, लैमिनेशन मशीन, इलेक्ट्रिक सामान, किराना का सामान, लस्सी, पनीर, नकद डेढ़ हजार रुपये समेत करीब दो लाख रुपये की सामान चोरी कर ली। पीड़ित दुकान मालिक नरैना गांव निवासी गौतम कुमार को इस बात की जानकारी तब हुई जब वह मंगलवार की सुबह दुकान खोलने के लिए पहुंचा। दुकान का गेट टूटा हुआ था तथा दुकान के अंदर से काफी सारा सामान गायब थे। पीड़ित दुकान मालिक गौतम कुमार ने बताया कि बीती रात आठ बजे दुकान बंद कर घर चला गया था। उसने थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

You may have missed