December 8, 2025

खबरें फतुहा की : निर्वाचित सदस्यों को दिलाई गयी शपथ, मृतकों के परिजनों से मिले विधायक, छात्र को घर से खींचकर पीटा

तीन पंचायत के निर्वाचित सदस्यों को दिलाई गयी शपथ
फतुहा। शुक्रवार को प्रखंड परिसर में तीन पंचायत के निर्वाचित सदस्यों को बीडीओ धर्मवीर कुमार के द्वारा उनके कर्तव्यों के प्रति उत्तरदायित्व के लिए शपथ दिलाई गयी। शुक्रवार को जेठुली, मोजीपुर व डुमरी पंचायत के निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलायी गयी। इसी दरम्यान पर्यवेक्षक रवि रंजन गुप्ता की उपस्थिति में जेठुली पंचायत से सावित्री देवी, मोजीपुर पंचायत से नीतीश कुमार व डुमरी पंचायत से शोभा देवी को निर्विरोध उप मुखिया के रुप में चुना गया। तीनों पंचायत के उप मुखिया का चुनाव बिना किसी विवाद के निर्विरोध चुना गया। वहीं जेठुली पंचायत से रास बिहारी प्रसाद, मोजीपुर से विजय प्रसाद व डुमरी पंचायत से अनन्त शर्मा को उपसरपंच के लिए चयनित किया। उप सरपंच के चुनाव में पंचो ने अपना मतदान किया। सभी चयनित जन प्रतिनिधियों को प्रखंड विकास पदाधिकारी के द्वारा प्रमाणपत्र सौंपा गया।

हादसे में मारे गए मृतकों के परिजनों से मिले विधायक
फतुहा। शुक्रवार को स्थानीय विधायक डॉ. रामानंद यादव फतुहा पहुंचकर पिछले दिनों सड़क हादसे में मारे गए मृतकों के परिजनों से मिल संवेदना जताई तथा हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया। सबसे पहले वे गढोचक के मृतक संतोष कुमार के परिजनों से मुलाकात की। इसके बाद बुद्धदेव चक के मृतक विशाल कुमार तथा जनार्दनपुर निवासी मृतक आनंद कुमार के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना प्रकट की। इस मौके पर विरेन्द्र राय, उदय कुमार, सिद्धनाथ कुमार, उपेन्द्र राय व मनोज यादव उपस्थित थे।

असामाजिक तत्वों ने छात्र को घर से खींचकर पीटा, चाची भी घायल


फतुहा। शुक्रवार को मोसिमुपर कुरथा मुहल्ले में असामाजिक तत्व के लड़कों ने एक स्नातक छात्र को घर से खींचकर काफी पीटा व गंभीर रुप से जख्मी कर दिया। जब छात्र के घर की महिलाएं उसे बचाने के लिए बाहर आयी तो असामाजिक तत्वों ने महिलाओं के साथ भी बदसलूकी करते हुए मारपीट किया। इस घटना में एक महिला भी जख्मी हो गई। जानकारी होते ही पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो सभी आरोपी वहां से फरार हो गये। पुलिस ने जख्मी छात्र व महिला को सीएचसी में भर्ती करा इलाज कराया। जख्मी छात्र विकास कुमार और उसकी चाची रत्ना सिन्हा है।
बताया जाता है कि जख्मी छात्र गुरुवार को शाम अपने वाइक से जब घर पहुंचा तो मुहल्ले के ही असामाजिक तत्व का एक लड़का उसके बाइक की मांग करने लगा। जब छात्र ने बाइक देने से मना किया तो लड़के ने उसकी चाबी छीन लिया। इसी विवाद को लेकर शुक्रवार को असामाजिक तत्व के लड़के ने जख्मी विकास कुमार को घर से खींचकर बाहर गली में ट्यूब लाइट से मारपीट कर जख्मी कर दिया। जब जख्मी युवक की मां और चाची बाहर निकलकर उसे बचाने आयी तो लड़कों ने उनके साथ भी लाठी-डंडे से मारपीट किया। पुलिस पूरे मामले की छानबीन करने में जुटी है।

पप्पू यादव का जन्मदिन मनाया


फतुहा। शुक्रवार को सोनारु स्थित आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में जाप कार्यकर्ताओं ने केक काटकर जाप संरक्षक पप्पू यादव का जन्मदिन मनाया तथा उनके स्वस्थ दीर्घायु जीवन की कामना की। इस मौके पर पंकज कुमार, बबलू कुमार, बबन कुमार, संदीप कुमार, धर्मवीर कुमार, अमित कुमार, सनोज कुमार समेत कई जाप कार्यकर्ता मौजूद थे।

You may have missed