खबरें फतुहा की : चूड़ा-दही भोज, 5 मिले कोरोना पॉजिटिव, टेम्पो पलटी, विदाई समारोह

चूड़ा-दही भोज का आयोजन
फतुहा। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष शोभा देवी ने अपने आवास पर चूड़ा-दही भोज का आयोजन किया। उन्होंने बताया कि सामूहिक भोज में भगवान नगर मंडल के सभी भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित हुए, जिसमें सभी लोगों को सामूहिक रूप से भोजन कराया गया। साथ ही कार्यकर्ताओं के साथ नगर परिषद चुनाव की रणनीति के विषय पर चर्चा की गई, पार्टी की मजबूती को लेकर भी चर्चा हुई। मौके पर दिनेश कुमार, अनामिका अग्रवाल, पूनम केसरी, राजेंद्र राणा सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

पांच लोग मिले कोरोना पॉजिटिव, प्रखंड में संक्रमितों की संख्या हुई 37
फतुहा। अब शहर के अंदर कोरोना तेजी से पांव पसारना शुरू कर दिया है। शनिवार को सीएचसी में 41 लोगों की रैपिड एंटीजन किट से कोरोना की जांच की गई। जांच उपरांत पांच लोग पॉजिटिव पाए गए। इसी के साथ प्रखंड क्षेत्र में संक्रमितों की संख्या 37 हो गयी है। मात्र छह लोगों की आरटीसीआर जांच की गई है। 548 लोगों का टीकाकरण भी किया गया, जिसमें 240 किशोर को भी टीकाकरण किया गया। 41 लोगों को बूस्टर डोज भी लगाया गया। यदि समय रहते लोग नहीं संभले तो एक्टिव केस की संख्या में भयावह वृद्धि हो सकती है।
टेम्पो अनियंत्रित होकर पलटी, दंपति जख्मी
फतुहा। शनिवार को मछरियावां के निकट फतुहा-दनियावां राजमार्ग पर एक टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गयी। इस घटना में टेम्पो पर सवार एक दंपति जख्मी हो गये। जख्मी हालत में दंपति को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जख्मी दंपति हिलसा के बेलवाबाद निवासी अनिल कुमार व अंजली देवी हैं। हालांकि घटना के समय उनके दो बच्चे काजल कुमारी व बादल कुमारी भी टेम्पो पर सवार थे, जो बिल्कुल सुरक्षित है। टेम्पो हिलसा के तरफ से आ रही थी।
दो बैंक कर्मियों के सम्मान में विदाई समारोह
फतुहा। शनिवार को कंचनपुर गांव स्थित केनरा बैंक परिसर में स्थानांतरित दो बैंक कर्मियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। स्थानांतरित दो बैंककर्मी राघवेंद्र कुमार व मंटु कुमार को शाखा प्रबंधक सुजीत कुमार व महिला बैंक कर्मी विमला देवी के द्वारा अंग वस्त्र व उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता रमेश कुमार के द्वारा दोनों के बैंक संचालन में दिए गए योगदान की सराहना की गई। इस मौके पर अन्य बैंक कर्मी के साथ साथ ग्रामीण लोग भी मौजूद थे।