February 22, 2026

खबरें बाढ़ की : वज्रपात से घर में लगी आग, खाद की कालाबाजारी, हत्यारोपी समेत 2 गिरफ्तार

वज्रपात से घर में लगी आग, एक व्यक्ति सहित दो मवेशी झुलसे
बाढ़। पटना के बाढ़ अनुमंडल के सकसोहरा थाना क्षेत्र के भावन चक गांव में गुरुवार की देर रात्रि तेज आंधी और बारिश के दौरान एक फूस के घर पर ठनका गिरने से आग लग गयी। जिसमें गृहस्वामी अरुण महतो गंभीर रूप से झुलस गए, वहीं उनके दो मवेशी भी वज्रपात के चपेट में आ गये। इस दौरान दोनों मवेशी बुरी तरह से जख्मी हो गया और घर के सारे सामान, अनाज, कृषि उपकरण और कपड़े सहित जल गए। शुक्रवार अहले सुबह अरुण महतो को इलाज के लिए बाढ़ अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर कर दिया है। वही दोनों मवेशियों का भी हाल बुरा है। पंचायत के मुखिया टिंकू कुमार सिंह ने इसकी सूचना अंचलाधिकारी लीलावती कुमारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी उषा कुमारी को दी है। अंचल कर्मी घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचे और इसकी रिपोर्ट करते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता राशि मुहैया कराने की बात कही।

खाद की कालाबाजारी से किसान परेशान
बाढ़। बिहार सरकार के द्वारा किसानों को सरकारी दामों पर खाद मुहैया कराने की बात तो की जाती है लेकिन सरकारी प्रयास विफल दिख रहा है। ताजा मामला सकसोहरा बाजार के पुल की पास की है, जहां शुक्रवार को खाद विक्रेताओं के द्वारा 266 की जगह 330 रूपये में किसानों को खाद मुहैया कराया गया। इसके बावजूद किसान में खाद की खरीदारी के लिए मारामारी होती नजर आयी। डीलर के द्वारा नालंदा और पटना जिला के किसानों को अल्टरनेट तरीके से खाद की आपूर्ति की जा रही थी। किसानों ने पूछने पर 330 रूपये में लेने की बात कही, वहीं दुकानदार ने 270 रूपये लेने की बात कही। इस बाबत प्रखंड कृषि पदाधिकारी चंद्रभानु सिंह से बात की गई तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच करने की बात कही है।

हत्या का आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
बाढ़। थाना क्षेत्र के जलगोविंद गांव में हत्या का आरोपी लल्लू राय गुरुवार की देर रात्रि पुलिस छापेमारी के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया। थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि वर्ष 2017 में गांव के ही एक युवक को गंगा नदी के उस पार दियारा इलाके में ले जाकर उसकी निर्मम हत्या कर शव को गंगा नदी में बहा दिया था। मामले में लालू राय नामजद अभियुक्त था और लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत के तहत जेल भेज दिया गया है।

एक व्यक्ति हथियार के साथ गिरफ्तार
बाढ़। भदौर थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक व्यक्ति को हथियार व गोली के साथ गिरफ्तार किया है। भदौर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के तरोना गांव में एक व्यक्ति अवैध हथियार रखा हुआ है। जिसके बाद पुलिस ने छापामारी कर एक देसी कट्टा और गोली के साथ महेश यादव को गिरफ्तार किया। महेश यादव से पूछताछ चल रही है। बता दें कि महेश यादव का बेटा अपराधी प्रवृत्ति का है और वह अवैध हथियार और रंगबाजी के मामले में जेल जा चुका है।

You may have missed