February 17, 2026

सीवान में फंदे से झूलती मिली नवविवाहिता की लाश : दो महीने पहले हुई थी शादी, पिता ने लगाया ससुराल वालों पर हत्या का आरोप

सीवान। सीवान में शुक्रवार को नवविवाहिता का फांसी से लटकता हुआ शव मिला है। घटना महाराजगंज थाना क्षेत्र के पटेढ़ा गांव की है। घटना की सूचना मिलते ही महाराजगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है। मृतका पटेढ़ा गांव निवासी नीतीश कुमार की 26 वर्षीय पत्नी सविता देवी है। सविता और नीतीश की शादी 2 महीने पहले ही हुई थी। घटना के बाद से महिला के ससुराल वाले फरार हैं। पुलिस, महिला के ससुर लाल बिहारी को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है। सविता के पिता और माता ने आरोप लगाया है कि दो माह पूर्व नीतीश और सविता की हिंदू रीति रिवाज से शादी हुई थी। जब से शादी हुई थी तब से ससुराल पक्ष वाले दहेज के लिए दबाव बना रहे थे। उसके साथ ससुराल पक्ष वाले आए दिन मारपीट कर रहे थे और दहेज को लेकर प्रताड़ित कर रहे थे। भाई ने आरोप लगाया कि उसकी हत्या कर आत्महत्या का रूप देने के लिए उसके शव को लटका दिया गया है। फिलहाल उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए सीवान के सदर अस्पताल में भेज दिया गया है और पुलिस जांच में जुट गई है।

You may have missed