December 10, 2025

जहानाबाद में बोले मनीष वर्मा, मुख्यमंत्री ने कभी भारत रत्न की मांग नहीं की, पोस्टर लगाना किसी का अपना विचार

जहानाबाद। जदयू पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा ने जहानाबाद में कार्यकर्ता समागम किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आवाहन किया। कहा कि एनडीए गठबंधन सभी विधानसभा की सीटें जीतने का प्रयास करेगी। उन्होंने मीडिया से कहा कि नीतीश कुमार के लिए भारत रत्न की मांग किसी का निजी विचार है। पार्टी का स्टैंड नहीं है। पटना में जो पोस्टर लगाया गया है, वह किसी निजी व्यक्ति द्वारा लगाया गया है। कहा कि कार्यकर्ता सरकार एवं जनता के बीच कड़ी का काम करते हैं। पार्टी बिहार के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। हमारे नेता नीतीश कुमार 19 वर्षों से बिहार के विकास में लगे हुए हैं। उनसे पूछा गया कि कुछ लोग नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री बनाने की बात कर रहे हैं तो उन्होंने कहा कि हर पार्टी के नेताओं की अपेक्षा होती है कि हमारे नेता ऊंचे पद पर पहुंचे। लेकिन एनडीए गठबंधन के साथ हमारी पार्टी है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन की सरकार चल रही है। गठबंधन का बिहार की जनता को काफी फायदा हो रहा है। लगातार केंद्र सरकार द्वारा पैकेज दिया जा रहा है, जिससे बिहार का विकास हो रहा है। मनीष वर्मा से अगला सवाल किया गया कि क्या उन्हें पार्टी में आरसीपी सिंह की भरपाई करने के लिए लाया गया है। इसपर उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। आरसीपी सिंह पार्टी के बड़े नेता थे। किसी को पार्टी में बदले में नहीं लाया जाता है। काम करते हैं। हम पार्टी के सिपाही हैं। पार्टी हमें जो जिम्मेदारी दे, उसे ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करना है।

You may have missed