लोहरदगा में झोलाछाप डॉक्टर का नक्सलियों ने किया अपहरण, 20 लाख की लेवी मांगी

लोहरदगा । पेशरार प्रखंड के सेरेंगदाग (गम्हरिया) थाना क्षेत्र से झोलाछाप डॉक्टर को नक्सलियों ने अगवा कर लिया है। लोहरदगा शहर के छतर बागीचा का रहने वाला एसके सिंह उस क्षेत्र में अक्सर आता-जाता है। उसके परिवार की एक महिला इसी क्षेत्र में सरकारी मेडिकल कर्मी के रूप में तैनात है। महिला को क्षेत्र में ड्यूटी पर कम ही देखा गया है। लोगों का कहना है कि महिला मेडिकल कर्मी के सारे कामकाज वही संभालता है।

सूत्रों के अनुसार नक्सलियों ने अपहृत के परिजनों से 20 लाख रुपये की लेवी मांगी है। परिजनों ने इस घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी है। लोहरदगा के मुख्यालय डीएसपी परमेश्वर प्रसाद कहा कि अभी तक परिवार ने कोई जानकारी पुलिस को नहीं दी है। पुलिस अपने स्तर से सत्यता की जांच कर रही है।
बहरहाल इस घटना से जिले में नक्सली वारदातों की श्रृंखला में एक और कड़ी जुड़ गई है। पुलिस पर हमला, पूर्व एसपीओ की हत्या, विकास योजनाओं में काम करा रहे मुंशी की गोली मारकर हत्या और एक का अपहरण, जिसके बारे में अब तक कुछ अता पता नहीं है, जैसी वारदातों के बाद अब अपहरण व लेवी मांगने की यह ताजी घटना सामने आई है। इससे लोहरदगा पुलिस के सामने एक बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।