February 12, 2026

राजगीर में नए साल पर बंद रहेगा जू और नेचर सफारी, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा कारणों से लिया गया फैसला

नालंदा। राजगीर में नए साल की शुरुआत इस बार थोड़ी फीकी रहने वाली है। प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण के मद्देनजर एक जनवरी को नेचर सफारी और जू सफारी को बंद रखने का निर्णय लिया है। जू सफारी के निदेशक के अनुसार, यह कदम सुरक्षा कारणों से उठाया गया है। विशेष रूप से इन स्थलों पर होने वाली अत्यधिक भीड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। हालांकि, पर्यटकों के लिए वैकल्पिक आकर्षण खुले रहेंगे। वेणु वन, विश्व शांति स्तूप, पांडू पोखर, राजगीर कुंड, और ऐतिहासिक नालंदा खंडहर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल सामान्य दिनों की तरह संचालित होंगे। राजगीर का जू सफारी अपनी अनूठी व्यवस्था के लिए जाना जाता है, जहां पर्यटक सुरक्षित वाहनों से खुले वातावरण में रह रहे वन्य जीवों का अवलोकन कर सकते हैं। यहां शेर, बाघ, हिरण और भालू जैसे जानवर प्राकृतिक परिवेश में रहते हैं। जबकि नेचर सफारी में पर्यटक ग्लास ब्रिज, शूटिंग, सस्पेंशन ब्रिज, जिप लाइन, तीरंदाजी, राइफल शूटिंग आदि का रोमांच लेने पहुंचते हैं। पटना से 110 किलोमीटर की दूरी पर स्थित राजगीर में पिछले वर्ष की तुलना में कई सुविधाओं का उन्नयन किया गया है। पर्यटक सड़क या रेल मार्ग से यहां पहुंच सकते हैं। स्थानीय तांगा सवारी का भी पर्यटक लुफ्त राजगीर आने पर उठाते हैं। 31 दिसंबर तक सभी सुविधाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी।

You may have missed