HAM की राष्ट्रीय परिषद की बैठक संपन्न : राष्ट्रीय एवं राज्य इकाई की नई कमेटी का गठन करेंगे मांझी

पटना। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से) के राष्ट्रीय परिषद की बैठक बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी की अध्यक्षता में पश्चिम चंपारण के बाल्मीकि नगर स्थित टीचर ट्रेनिंग कॉलेज संपन्न हुई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव व बिहार सरकार में मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन, विधायक एवं बिहार सहित अन्य प्रदेशों से बड़ी संख्या में डेलीगेट शामिल हुए। बैठक में राष्ट्रीय एवं प्रदेश की भंग इकाई को पुनर्गठित करने की सारी शक्तियां सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी को दी गई। वहीं कुशवाहा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी वर्मा एवं कांग्रेस के पूर्व मंत्री बैठक में भाग लेकर हम पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर जीतन राम मांझी ने राष्ट्रीय एवं प्रदेश इकाई के पुनर्गठन को लेकर कहा कि 1 महीने के अंदर संगठन की संरचना पर निर्णय लेंगे।
वहीं पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि हमारी पार्टी में जाति बंधन का कोई भेदभाव नहीं हैं। सबसे ज्यादा संख्या गरीबों की है, हम गरीबों की लड़ाई लड़ेंगे। हमारा फोकस गरीबी हटाना और शिक्षा पर जोर देना होगा। जब समाज में शिक्षा आएगी तो सारी कुरीतियां दूर हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी में हर कार्यकर्ताओं पर हमारी नजर है, जो काम करेंगे उन्हें निश्चित तौर पार्टी द्वारा हर तरह से आगे बढ़ने का मौका दिया जाएगा। पार्टी हर कार्यकर्ताओं को उनका वाजिब हक और सम्मान देने का काम करेगी।
उन्होंने आगे कहा कि आज जो राष्ट्रीय परिषद की बैठक हो रही है यह आने वाले भविष्य में पार्टी संगठन को और नई ताकत ऊर्जा देगी। हमें अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के शासनकाल में लिए गए 34 जनकल्याणकारी निर्णयों के बारे में लोगों को बताना होगा। आने वाले समय में बहुत सारे दलों से भी लोग पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे, यह पार्टी की सही सोच और सही नेतृत्व का फल है।

You may have missed