पटना में नये पार्कों का नामकरण शहीदों के नाम पर हो, जदयू नेता मिले डिप्टी सीएम से
पटना। जदयू के वरिष्ठ नेता सुमन कुमार मल्लिक ने बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद से मुलाकात किया। श्री मल्लिक ने इस मौके पर उपमुख्यमंत्री से कई राजनैतिक-सामाजिक मुद्दे के साथ ही बीएसएफ के सहायक समादेष्टा रहे शहीद प्रमोद कुमार के नाम पर राजधानी पटना के कंकड़बाग स्थित जनता फ्लैट पार्क का नाम बदलकर ‘शहीद प्रमोद पार्क’ करने का अनुरोध किया। श्री मल्लिक ने कहा कि शहीद प्रमोद वीरतापूर्वक कारगिल युद्ध में लड़ते हुए देश के लिए शहीद हो गए थे और ये पार्क उनके घर के सामने ही बना है। उन्होंने कहा कि जनता फ्लैट पार्क का नाम ”शहीद प्रमोद पार्क” होने से स्थानीय लोगों को भी खुशी होगी और कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राज्य सरकार की ओर से ये शहीद प्रमोद के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी, साथ ही आने वाली पीढ़ियों को भी इससे प्रेरणा मिलेगी।
उपमुख्यमंत्री श्री प्रसाद ने इसे गंभीरता से लेते हुए जदयू नेता श्री मल्लिक को आश्वासन दिया और कहा कि वे इस मुद्दे को अविलंव संबंधित विभाग को देंगे। श्री मल्लिक ने बिहार सरकार से मांग करते हुए कहा कि राजधानी पटना में बन रहे सभी नये पार्कों का नामाकरण देश तथा समाज के लिए जान न्योछावर करने वाले शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार के ऐसे निर्णय से समाज में एक सकारात्मक संदेश जायेगा।


