February 25, 2026

18 अक्टूबर को बिहार आएगी राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, चौथे कृषि रोडमैप का करेंगी लोकार्पण

पटना। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 18 अक्टूबर को तीन दिवसीय बिहार दौरे पर आएंगी। वे यहां चतुर्थ कृषि रोड मैप का लोकार्पण करेंगी और मोतिहारी व गया केन्द्रीय विश्वविद्यालय के साथ-साथ पटना एम्स के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। राजभवन में उनके ठहरने की व्यवस्था की गयी है। वे कृषि रोड मैप का लोकार्पण करने वाली तीसरी राष्ट्रपति होंगी। दूसरे कृषि रोड मैप का लोकार्पण प्रणव मुखर्जी ने जबकि तीसरे कृषि रोड मैप का लोकार्पण रामनाथ कोविंद ने किया था। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी की अध्यक्षता में आला अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें डीजीपी समेत तमाम सम्बद्ध विभागों के अपर मुख्य सचिव व प्रधान सचिव शामिल हुए। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को राष्ट्रपति के दौरे को लेकर कई दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने हर स्तर पर प्रोटोकॉल का पालन करने को भी कहा। राष्ट्रपति 18 अक्टूबर को बापू सभागार में चतुर्थ कृषि रोड मैप का लोकार्पण करेंगी। इसी दिन वे तख्त श्रीहरिमंदिर साहिब भी जाएंगी और वहां मत्था टेकेंगी। 19 अक्टूबर को राष्ट्रपति मोतिहारी केन्द्रीय विश्वविद्यालय जाएंगी और वहां दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी। इसी दिन शाम में वे एम्स के कार्यक्रम में भी शामिल होंगी। अगले दिन 20 अक्टूबर को वे गया केन्द्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। वहीं से देर शाम दिल्ली वापस लौट जाएंगी।

You may have missed