PATNA : 5 दिन पहले ही जेल से छूटकर आये अपराधी ने लूट के क्रम में की ट्रांसजेंडर की हत्या, गिरफ्तार, एक फरार
पटना। ट्रांसजेंडर सोनी ऊर्फ सन्नी हत्या मामले का पटना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अपराधी ने लूट के क्रम में गोली मारकर हत्या की थी। पकड़े गए अपराधी का नाम अमित है। इसके पास से पुलिस ने उस पिस्टल को भी बरामद कर लिया, जिससे ट्रांसजेंडर को गोली मारी गई थी। यह मूल रूप से जहानाबाद का रहने वाला था। वारदात से 5 दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था और पटना के परसा बाजार इलाके में किराए के मकान में रह रहा था।
पटना सदर के एएसपी संदीप सिंह के अनुसार इस बात की पुष्टि तब हुई, जब कंकड़बाग थाना की पुलिस ने दो में से एक अपराधी को गिरफ्तार किया। अपराधी अमित जेल से छूटकर आया तो अपने दोस्त शाहरूख से मिला और इसके साथ ही रहने लगा। मंगलवार की सुबह 4 बजे के करीब अमित और शाहरूख एक साथ निकले। कंकड़बाग में एक सीएम के आॅफिस में चोरी की। कुछ कीमती सामानों पर हाथ साफ किया। इसके बाद पिस्टल का डर दिखा कर कॉलोनी मोड़ के पास एक आॅटो को रोका। उसमें बैठे यात्रियों के साथ भी लूटपाट की। फिर कुछ दूर आगे बढ़ते ही दूसरे आॅटो को रोका। उसमें ट्रांसजेंडर और एक दूसरा शख्स बैठा था। दोनों अपराधी आॅटो में बैठना चाहते थे। पिस्टल को देख एक शख्स डर से उतर गया। दूसरा शख्स ट्रांसजेंडर था। वो बैठा ही रहा। इसके बाद अपराधियों और ट्रांसजेंडर के बीच बहस हुई और फिर पिस्टल निकालकर अमित ने उसे गोली मार दी। जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस कांड में शाहरूख फरार है। उसकी तलाश में छापेमारी चल रही है। पुलिस इन दोनों के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है।


