मुंगेर गोलीकांड पर चिराग ने किया एसपी पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग,नीतीश सरकार को बताया तालिबान

पटना।प्रतिमा विसर्जन को लेकर गोलीकांड में एक निर्दोष के मारे जाने तथा दर्जनों के घायल होने के उपरांत मुंगेर पुलिस कटघरे में खड़ी नजर आ रही हैं।साथ ही नीतीश सरकार एक बार फिर से निशाने पर आ गई है। लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने इस मामले पर मुंगेर एसपी लिपि सिंह के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किए जाने तथा मृतक के परिवार को 50 लाख एवं एक सरकारी नौकरी की मुआवजा दिए जाने की मांग कर दी है।लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने मुंगेर पुलिस की इस कार्रवाई को नीतीश सरकार का तालिबानी रुख बताया है। चिराग पासवान मुंगेर गोली कांड को लेकर बेहद आक्रोश में सरकार के खिलाफ ट्वीट कर रहे हैं।उल्लेखनीय है कि चिराग पासवान पहले से ही नीतीश सरकार को टारगेट पर लेकर चल रहे हैं।

चिराग पासवान ने ट्वीट किया है“मुंगेर पुलिस के ऊपर 302 का मुक़दमा दर्ज होना चाहिए।श्रद्धालुओं को गोली मारना नीतीश के तालिबानी शासन को दिखाता है।स्थानीय एस॰पी॰ को तत्काल सस्पेंड कर 302 के तहत एफ़॰आई॰आर॰ दर्ज करवाए नीतीश कुमार जी।मृतक के परिवार को 50 लाख रुपए और एक सरकारी नौकरी दे सरकार।”

उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व चिराग पासवान नीतीश कुमार पर कई गंभीर आरोप लगा चुके हैं। चिराग पासवान ने सात निश्चय मामले की पूरी जांच कराकर सीएम नीतीश कुमार को जेल भेजने की भी बात कही है। इतना ही नहीं कल चिराग पासवान ने सीएम नीतीश कुमार पर शराब माफियाओं से सांठगांठ करके अवैध शराब के मार्फत धन उगाही का भी आरोप लगाया था।