घरेलू विवाद से तंग आकर नालंदा में तीन बच्चों की मां ने की खुदकुशी, जहर खाकर दी जान
नालंदा। बिहार के नालंदा जिले में तीन बच्चों की मां ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। घटना मंगलवार देर रात हिलसा थाना के तार पर गांव की है। मृतका की पहचान वीरेंद्र प्रसाद की पत्नी सुनीता देवी के रूप में की गई। बुधवार की सुबह परिजन शव के पोस्टमार्टम को लेकर बिहार शरीफ सदर अस्पताल पहुंचे। मृतका के पिता परशुराम यादव ने बताया कि बेटी के ससुराल के आसपास वाले लोगों से जानकारी मिली कि सुनीता ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। इसके बाद वे लोग बेटी के ससुराल पहुंचे और स्थानीय थाना को इसकी जानकारी दी। परिजन घरेलू कलह में जहर खाकर आत्महत्या की आशंका व्यक्त कर रहे हैं। 2014 में चण्डी थाना क्षेत्र के मेहंदी बीघा गांव निवासी परशुराम यादव ने अपनी बेटी सुनीता की शादी हिलसा थाना क्षेत्र के तारपर निवासी वीरेंद्र से की थी। इस बीच तीन बच्चे भी हुए युवक पटना में रहकर कंपटीशन की तैयारी कर रहा है। घटना के वक्त घर में सिर्फ सास और सुनीता के बच्चे मौजूद थे। हिलसा थाना अध्यक्ष गुलाम सरवर ने बताया कि घरेलू कलह में जहर खाकर महिला ने खुदकुशी की है। यूडी केस दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है एवं पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।


