December 3, 2025

बिहार में 15 जून को मानसून देगा दस्तक, प्रदेश के 19 जिलों में येलो अलर्ट, फिर बढ़ेगी गर्मी

पटना। बिहार में मानसून को लेकर अच्छी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बार मानसून प्रदेश में 13 से 15 जून के बीच दस्तक दे सकता है। हर साल की तुलना में इस बार मानसून के थोड़ा पहले आने की संभावना है। आमतौर पर मानसून केरल में 1 जून को पहुंचता है, लेकिन इस बार 27 मई तक वहां इसकी एंट्री हो सकती है। इससे यह संकेत मिलते हैं कि बिहार में भी इस बार मानसून समय से पहले आएगा। मानसून के आगमन से पहले ही राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है।
बारिश और येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के 19 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान तेज बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। इस चेतावनी के मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बुधवार को बेतिया, बगहा, मोतिहारी, रक्सौल और दरभंगा जैसे इलाकों में सुबह से ही काले बादलों की वजह से अंधेरा छा गया। यहां तक कि लोगों को गाड़ियों की लाइट जलाकर चलना पड़ा। मधुबनी, औरंगाबाद, अररिया और दरभंगा में भी तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई।
गर्मी से मिली राहत, लेकिन फिर बढ़ेगा तापमान
बारिश और तेज हवाओं की वजह से लोगों को कुछ हद तक गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दो दिन बाद यानी 25 मई से राज्य में फिर से गर्मी बढ़ सकती है। अनुमान है कि तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होगी। कई जिलों में पारा फिर से 40 डिग्री के पार जा सकता है। हालांकि, फिलहाल पटना और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहेंगे जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा।
आकाशीय बिजली की चपेट में मौतें
तेज बारिश और आंधी के बीच आकाशीय बिजली भी कई जगहों पर कहर बनकर गिरी। पूर्णिया और अररिया में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव में एक 14 वर्षीय लड़का गोखुल ठनका की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वह बारिश के बाद घूमने के लिए घर से बाहर निकला था।
तापमान का हाल
राज्य के तापमान की बात करें तो बीते 24 घंटों में रोहतास सबसे गर्म जिला रहा जहां का तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गया का तापमान 39.3 डिग्री रहा जबकि राजधानी पटना में यह 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पटना में हल्की बारिश होने से मौसम कुछ समय के लिए ठंडा और सुहावना बना रहा।
पिछले साल का मानसून और बारिश का आंकड़ा
पिछले साल बिहार में मानसून 20 जून को पहुंचा था और 28 जून तक इसका असर पूरे राज्य में दिखाई देने लगा था। 2024 के मानसून सीजन में राज्य में औसतन 20 प्रतिशत कम बारिश हुई। सामान्यतः बिहार में इस सीजन में 992.2 मिमी बारिश होती है, लेकिन पिछले वर्ष सिर्फ 798.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। ऐसे में इस बार की शुरुआती बारिश लोगों में उम्मीद जगा रही है कि शायद इस साल सामान्य या उससे बेहतर मानसून हो।
अगले दो दिन होंगे अहम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले दो दिन बिहार के लिए खास होंगे। इस दौरान उत्तर बिहार के जिलों में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। लेकिन उसके बाद फिर से मौसम शुष्क और गर्म हो सकता है। यह बदलाव खेती-किसानी के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि मानसून की अच्छी शुरुआत खेती के लिए अनुकूल मानी जाती है।

You may have missed