मोदी सरकार के 11 साल, देश के लिए बेमिसाल: प्रभाकर मिश्र

- गांव से लेकर नगर तक विकास की बयार, पिछले 11 वर्षों में वैश्विक फलक पर बढ़ा भारत का मान-सम्मान
पटना। केंद्र की मोदी सरकार को 11 साल पूरे होने पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्ष जनसेवा के संकल्प, साधना और समर्पण का स्वर्णिम कालखंड है। यह कालखंड भारत की उपलब्धियों के लिए हमेशा जाना जाएगा। भाजपा प्रवक्ता ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि इन 11 वर्षों में भारत का सर्वांगीण विकास हुआ है। खेल के मैदान से लेकर अंतरिक्ष तक भारत ने अपनी कामयाबी का परचम लहराया है। देश का कोई ऐसा कोना नहीं, जहां विकास की किरण नहीं पहुंच पायी हो। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक और अरुणाचल से लेकर गुजरात तक हर तरफ नये भारत की झलक देखी जा सकती है। मोदी सरकार ने पिछले 11 वर्षों में वैश्विक फलक पर भारत का जो मान-सम्मान दिलाया है, उससे आज हर भारतवासी अभीभूत है। बुजुर्गों के लिए मुफ्त दवाई के साथ-साथ युवाओं के लिए भरपूर कमाई की भी व्यवस्था की गयी है। श्री मिश्र ने कहा कि मोदी सरकार में भारतीय अर्थव्यवस्था जिस रफ्तार के साथ आगे बढ़ रही है, उससे आज पूरी दुनिया अचंभित है। जापान को पीछे छोड़कर भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। मोदी सरकार का यह नया भारत है, जिसे अब दुनिया का कोई भी देश आंख नहीं दिखा सकता। जो जिस भाषा में बात करता है, भारत भी उसी की भाषा में जवाब देता है। श्री मिश्र ने कहा कि भारत का एक पड़ोसी देश, जो आतंकियों का शरणगाह है, भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से जो सबक सिखाया है, उसे वह कभी नहीं भूलेगा। आज भारत के सभी वर्गों को अपने प्रधानमंत्री पर नाज है।
