सुशील मोदी ने लालू-राहुल पर बोला हमला, कहा- उनकी राजनीति गिलास भरने की नहीं, सिर्फ उसे खाली दिखाने की रही
पटना। बिहार में कोरोना संक्रमण के तेज लहर के बीच राजनीति तेज हो गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष लगातार एक दूसरे पर हमलावर हैं। शुक्रवार को एक बार फिर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने राजद सुप्रीमो लालू यादव और कांग्रेस के युवा नेता राहुल गांधी पर ट्वीट के जरिए करारा हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट कर लालू यादव पर हमला बोलते हुए लिखा कि बिहार की जनता ने जब लालू प्रसाद को 15 साल राज करने का मौका दिया था, तब उन्होंने मेडिकल कॉलेज, एम्स, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, आॅक्सीजन प्लांट या गांव में बिजली पहुंचाने जैसे काम करने के बजाय लाठी में तेल पिलावन रैली, गरीब रैला और समाज को तोड़ने वाले नारे गढ़ने जैसे नकारात्मक कामों में समय गंवाया। वे सत्ता में रहें या विपक्ष में, उनकी राजनीति हमेशा गिलास को भरने की नहीं, सिर्फ उसे खाली दिखाने की रही। दूसरी तरफ ऐसे संकट काल में राहुल गांधी और लालू प्रसाद नकारात्मक बयान देकर केवल कोरोना योद्धाओं का मनोबल गिरा रहे हैं। महामारी के समय ओछी राजनीति करना दवा-आॅक्सीजन की कालाबाजारी करने से ज्यादा खतरनाक है।
सुशील मोदी ने आगे लिखा कि बिहार में केंद्र व राज्य सरकार के प्रयास से रेमडेसिविर इंजेक्शन व आॅक्सीजन की किल्लत नहीं होगी। अगले 10 दिनों में रेमडेसिविर का एक लाख वायल बिहार को और मिलेगा। पेट्रोलियम मंत्रालय सभी 9 मेडिकल कॉलेजों में 18 करोड़ की लागत से उच्च क्षमता का आॅक्सीजन प्लांट लगा रहा है। साथ ही दूसरे राज्यों से लौटे मजदूरों को यहां सभी योजनाओं में काम देकर उनके रोजगार की भी चिंता की जा रही है।
उन्होंने आगे लिखा, कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए सरकार ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बिहटा में सेना ने 100 बेड वाला विशेष कोविड अस्पताल शुरू किया है। राज्य के अस्पतालों में बड़े पैमाने पर डॉक्टरों-स्वास्थ्यकर्मियों की संविदा पर भर्ती की जा रही है।

लाठी में तेल पिलावन रैली, गरीब रैला और समाज को तोड़ने वाले नारे गढ़ने जैसे नकारात्मक कामों में समय गँवाया।
वे सत्ता में रहें या विपक्ष में, उनकी राजनीति हमेशा गिलास को भरने की नहीं, सिर्फ उसे खाली दिखाने की रही।— Sushil Kumar Modi (मोदी का परिवार ) (@SushilModi) May 7, 2021

