झारखंड : विधायक के साले की हत्या में बड़ा खुलासा, रिश्तेदार ने ही ली जान

गुमला (झारखंड) । बसिया अनुमंडल मुख्यालय में हुए संतोष मुंडा हत्याकांड में पुलिस ने रांची से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक संतोष मुंडा तोरपा विधायक कोचे मुंडा का साला था। 30 अप्रैल को अपराधियों ने बसिया के पावरग्रिड के पास गोलियों से उसे छलनी कर दिया था। हत्या के समय संतोष अपने घर से सुबह टहलने निकला था।

इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार संतोष मुंडा हत्याकांड में कई संदिग्धों से पूछताछ की गई। उनसे मिले सुराग के आधार पर मुख्य आरोपी और दो शूटरों को रांची से गिरफ्तार कर लिया गया है।
मुख्य आरोपी मृतक संतोष का रिश्तेदार बताया जा रहा है। उसके परिजनों से जमीन को लेकर संतोष के घरवालों का विवाद रहा है। लगातार तीन दिन रेकी के बाद एक बाइक से आए तीन अपराधियों ने संतोष मुंडा को नौ गोलियां मारी थीं। इस वारदात में मौके पर ही संतोष ने दम तोड़ दिया था। हालांकि बसिया पुलिस अभी संतोष मुंडा हत्याकांड में गिरफ्तारी की बाबत कुछ भी बताने से परहेज कर रही है।
विधायक के साले की दिनदहाड़े अनुमंडल मुख्यालय में गोली मारकर हत्या की वारदात से पूरे गुमला जिले में सनसनी फैल गई थी। इसके बाद से पुलिस घटना को चुनौती मानकर अपराधियों की धर-पकड़ में जुटी थी। बसिया एसडीपीओ विकास आनंद लागूरी व थाना प्रभारी अनिल लिंडा ने वारदात का खुलासा करने के लिए दिन-रात एक कर दिया था।