PATNA : दानापुर के सगुना मोर स्थित एक ऑटोमोबाइल शोरूम में बदमाशों ने की तोड़फोड़, मैनेजर को पीटा
पटना। जमीन खाली कराने को लेकर दानापुर के सगुना मोर स्थित एक ऑटोमोबाइल शोरूम में बदमाशों ने जमकर मारपीट एवं तोड़फोड़ किया। इस घटना में शोरूम के मैनेजर को बदमाशों ने जमकर पिटाई कर दी। घायल अवस्था में पुलिस ने मैनेजर को इलाज के लिए पास के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने बताया की दानापुर सगुना मोर के नजदीक ऑटोमोबाइल का एक शोरूम कई वर्षों से चल रहा है। बताया जा रहा है कि वह जमीन बीपीएससी के पूर्व चेयरमैन रामाश्रय यादव का है। उस जमीन पर लगभग 8 वर्षों से जमीन खाली कराने को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार के दिन इसी मामले को लेकर लगभग एक दर्जन लोग ऑटोमोबाइल शोरूम में घुस गए और जमकर मारपीट शुरू कर दी। इसी क्रम में बदमाशों ने शोरूम के मैनेजर अमित कुमार की जमकर पिटाई कर दी और शोरूम में तोड़फोड़ भी कर दिया।

घटना की सूचना रूपसपुर थाने को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। रूपसपुर थाना प्रभारी मधुसूदन प्रसाद ने बताया कि संपत्ति विवाद को लेकर लगभग 8 वर्षों से शोरूम वाले जमीन पर दो गुटों के बीच विवाद चल रहा था। सोमवार की हुई घटना की पुष्टि करते हुए उन्होंने बताया कि कुछ लोगों के द्वारा ऑटोमोबाइल के मैनेजर की पीटने की सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि अभी तक इस मामले में किसी के द्वारा लिखित आवेदन प्राप्त थाना को नहीं हुआ है।

