October 29, 2025

कश्मीर में नौ जगहों पर माइनस में तापमान: हिमाचल में भारी बर्फबारी, 14 से उत्तर भारत में पड़ेगी कड़ाके की ठंड

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में सामान्य ठंड के बीच जम्मू-कश्मीर में कई इलाकों में तापमान माइनस में पहुंच गया। सोमवार को जोजिला (कारगिल) में टेम्परेचर -20°C, लेह में -12.8° और गुलमर्ग में -9° रिकॉर्ड किया गया। पहलगाम का पारा -6.8°C, पुलवामा -6.7°C, शोपियां -7.5°C, श्रीनगर -3.3°C, सोनमर्ग और अनंतनाग में -7.0°C रिकॉर्ड किया गया। जम्मू में पैडर में -7.5°C के साथ सबसे ठंडा रहा। हालांकि, जम्मू शहर का तापमान 6.5°C रहा। वहीं, हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में रविवार शाम भारी बर्फबारी हुई। दिसंबर का पहला हफ्ता बीतने के बाद भी हिमाचल के पहाड़ों से बर्फ नदारद थी। मैदानी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली के तापमान में भी 10 दिसंबर से गिरावट आ सकती है। पारा गिरकर 3°C के आसपास रहने की उम्मीद है। शीतलहर भी चल सकती है। 14 दिसंबर तक दिल्ली के साथ ही पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में तेज ठंड पड़ने का अनुमान है।
पहाड़ों में बर्फबारी से उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड
उत्तर भारत में सर्दियों का मौसम धीरे-धीरे अपने चरम पर पहुंच रहा है। पहाड़ों पर हो रही ताजा बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में ठंड का प्रभाव बढ़ने लगा है। हिमालय क्षेत्र में लगातार हो रही बर्फबारी ने ठंडी हवाओं का रुख उत्तर भारत की ओर मोड़ दिया है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। खासकर सुबह के समय सतही हवाएं दक्षिण-पूर्व दिशा से लगभग 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं। इन हवाओं के प्रभाव से ठंड में और बढ़ोतरी हो रही है। सुबह के समय हल्का कोहरा बना हुआ है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना कम है। शाम और रात के समय धुंध छाने की संभावना बनी रहेगी, जिससे दृश्यता में कमी आ सकती है। इससे वाहन चालकों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। मौसम विभाग ने बताया है कि शाम और रात के दौरान हवाओं की गति 10 किमी प्रति घंटे से भी कम हो सकती है। इसके साथ ही ठंड का प्रभाव बढ़ने की संभावना है। दक्षिण-पूर्व दिशा से चलने वाली इन हवाओं का असर खासकर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश जैसे मैदानी इलाकों में महसूस किया जाएगा। पहाड़ों पर बर्फबारी और उत्तर भारत में चलने वाली ठंडी हवाओं ने ठंड का असर बढ़ा दिया है। आने वाले दिनों में मौसम और ठंडा होने की संभावना है। नागरिकों को सतर्क रहने और मौसम के अनुसार तैयार रहने की जरूरत है।
दिल्ली में बारिश के कारण कड़ाके की ठंड
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण दिल्ली में भी मौसम का मिजाज बदल गया है। रविवार को झमाझम बारिश हुई। बारिश के साथ सर्द हवा भी चली, जिसके कारण अचानक तापमान में गिरावट आ गई। वहीं मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में आज भी बारिश हो सकती है। बारिश के कारण दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान गिरकर 3 डिग्री तक आ सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 दिसंबर के बाद तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है। बता दें, जम्मू-कश्मीर में रविवार को बर्फबारी हुई। आईएमडी का अनुमान है कि आज भी पहाड़ों में बर्फबारी हो सकती है। इससे उत्तर भारत में तापमान और गिरेगा।

You may have missed