February 12, 2026

पटना में नाबालिक छात्रा घर से लापता, नोट में लिखा- मुझे बीमारी, मैं दूर जा रहा, पिता ने कहीं अनहोनी की बात

पटना। राजधानी के दानापुर थाना क्षेत्र से एक 16 वर्षीय इंटर का छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। छात्र के कमरे से उसका मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसके कवर में एक हस्तलिखित नोट मिला है। नोट में छात्र ने स्वयं को रक्त कैंसर से पीड़ित बताते हुए घर से बहुत दूर जाने की बात लिखी है। हालांकि परिजनों का कहना है कि उसे किसी प्रकार की बीमारी नहीं थी। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है और किसी अनहोनी की आशंका जताई जा रही है। लापता छात्र की पहचान सारण जिले के अकिलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अकिलपुर गांव निवासी रामानुज कुमार राय के पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है। सुजीत दानापुर थाना क्षेत्र में कोर्ट के पीछे स्थित यदुवंशी नगर में सुरेश प्रसाद के मकान में किराए पर रहकर इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहा था। सुजीत के पिता रामानुज कुमार राय ने दानापुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि सुजीत के साथ रहने वाले उसके दो चचेरे भाई घर जाने वाले थे। उन्होंने सुजीत को भी साथ चलने के लिए कहा, लेकिन सुजीत ने ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने का हवाला देते हुए शाम तक घर आने की बात कही थी। इसके बाद दोपहर के समय से ही परिजन लगातार उसे फोन करते रहे, लेकिन उसने किसी भी कॉल का जवाब नहीं दिया। देर रात तक संपर्क नहीं होने पर परिवार के लोग चिंतित हो गए। उन्होंने सुजीत के दोस्तों और रिश्तेदारों से पूछताछ की, परंतु कहीं से कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद परिजन दानापुर स्थित उसके किराए के मकान पर पहुंचे। मकान मालिक ने बताया कि दोपहर लगभग डेढ़ बजे तक सुजीत अपने कमरे में था, उसके बाद से वह दिखाई नहीं दिया। कमरे की तलाशी लेने पर परिजनों को उसका मोबाइल फोन मिला। मोबाइल के कवर में एक पर्ची रखी थी। उस पर्ची में लिखा था, “मैं यहां से बहुत दूर जा रहा हूं, क्योंकि मुझे ब्लड कैंसर है और मेरे पास कुछ ही साल हैं। इसलिए मुझे यहां से दूर जाना होगा और मैं दूर जा रहा हूं।” यह पढ़कर परिवार के लोग स्तब्ध रह गए। सुजीत के पिता ने पुलिस को बताया कि उनके पुत्र को किसी प्रकार की गंभीर बीमारी नहीं थी। उन्होंने कभी रक्त कैंसर या किसी अन्य गंभीर रोग की शिकायत नहीं की थी। ऐसे में नोट में लिखी बातों को लेकर परिवार में कई तरह की आशंकाएं जन्म ले रही हैं। परिजन यह समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर सुजीत ने ऐसा क्यों लिखा और वह अचानक कहां चला गया। घटना की सूचना मिलते ही दानापुर थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे निगरानी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि छात्र किस दिशा में गया। इसके अलावा उसके मोबाइल कॉल विवरण और हालिया गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी आपराधिक घटना के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। छात्र के दोस्तों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि उसके मानसिक हालात और हाल की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिल सके। इस घटना ने इलाके में भी चिंता बढ़ा दी है। एक मेधावी छात्र का इस तरह अचानक लापता हो जाना और पीछे बीमारी का जिक्र करते हुए नोट छोड़ जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। परिवार और स्थानीय लोग प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि छात्र का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस छात्र की तलाश में जुटी है और परिजन उसके सकुशल लौटने की उम्मीद में हर संभव प्रयास कर रहे हैं।

You may have missed