बिहार में जानबूझकर कुछ लोग गड़बड़ कर रहे, हम किसी को नहीं छोड़ेंगे : सीएम नीतीश
- नालंदा और सासाराम में हिंसा पर बोले मुख्यमंत्री, कहा- हिंसात्मक वारदात के पीछे साजिश का जल्द पता लगाए पुलिस
पटना। सासाराम और नालंदा में रामनवमी के बाद हुई हिंसा की घटनाओं में शामिल आरोपियों पर पुलिस सख्त एक्शन ले रही है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को दोनों जिलों में हुई घटनाओं पर बोलते हुए कहा कि हमें पुलिस को कहा है कि इसके पीछे कौन लोग हैं उसकी जानकारी लीजिये। उन्होंने दोनों जिलों की हिंसात्मक वारदात के पीछे साजिश होने का संकेत देते हुए कहा कि पुलिस को कहा गया है कि पता लगाएं कि कौन लोग हैं जो यह सब करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सासाराम की घटना के बाद शुक्रवार शाम 6 बजे बिहारशरीफ में हिंसा की घटना का पता चला। तुरंत पुलिस के आला अधिकारियों के साथ वहां स्थिति को नियंत्रित किया गया। लेकिन ऐसी घटनाएं क्यों हुई और कौन इधर-उधर कर रहा है उसका पता लगाने के लिए पुलिस को कहा गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में सब दिन अच्छे ढंग से चल रहा था। वर्षों से सब ठीक-ठाक चल रहा था। इस बार ऐसा क्यों हो रहा है इसे लेकर पुलिस को हमने कहा है कि सब कुछ देखिए। ऐसी घटनाओं से बहुत तकलीफ है।
ऐसी घटना कोई सामान्य चीज नहीं, जल्द से जल्द एक्शन ले पुलिस : नीतीश
नीतीश ने कहा कि हमने पुलिस को जल्दी एक्शन लेने के लिए कहा है। यह कोई सामान्य चीज नहीं है। जरूर किसी ने इधर-उधर कुछ किया है। ऐसे लोगों का पता लगाकर पुलिस उनके खिलाफ जरुर कार्रवाई करेगी। ऐसे किसी व्यक्ति को नहीं छोड़ा जाएगा जो इन घटनाओं में शामिल रहा हो। गौरतलब है कि दोनों जिलों में हुई हिंसा की घटनाओं के बाद बड़े धारा 144 लागू है। साथ ही इंटरनेट भी बंद कर दिया है। वहीं पुलिस ने कहा है कि अनुसार नालंदा एवं रोहतास में दो-दो प्राथमिकी दर्ज कर असामाजिक तत्वों को चिन्हित करते हुए क्रमशः 27 एवं 18 लोगों की गिरफ़्तारी की गयी है। बिहारशरीफ एवं सासाराम में रामनवमी का जुलूस सम्पन्न हो चुका है। दोनों जगह घटना स्थल पर पर्याप्त संख्या में बल तथा दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति जारी है। वरीय पदाधिकारी घटना स्थल पर कैम्प कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जा रही है।
केंद्रीय मंत्री हमेशा आते ही रहते हैं, उन्हें सुरक्षा दी जाती है : मुख्यमंत्री
भाजपा ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सासाराम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित साह का दौरा रद कर दिया। इसपर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यहां किसी को देख कर काम नहीं होता है। केंद्रीय मंत्री हमेशा आते ही रहते हैं। उन्हें सुरक्षा दी जाती है। राज्य सरकार हमेशा अपनी ज़िम्मेदारी निभाती है। हम इन चीजों का ध्यान रखते हैं। वे (भाजपा) लोग ध्यान न रखें वो अलग बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अमित शाह क्यों आ रहे थे और अब क्यों नहीं आ रहे हैं, वे ही बता सकते हैं।
लॉ एंड ऑर्डर की कोई समस्या नहीं : सीएम नीतीश
पटना स्थित अधिवेशन भवन में बिहार लोक सेवा आयोग के 75वें स्थापना दिवस समारोह के लिए पहुंचे सीएम नीतीश कुमार मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा कि सासाराम में जो भी हुआ, वह सामान्य घटना नहीं है। सीएम ने कहा कि बिहार में लॉ एंड ऑर्डर की कोई समस्या नहीं है। ये सब बदमाशी कर रहे हैं। इसमें किसी ने कुछ गड़बड़ किया है। वरीय अधिकारी मामले को देख रहे हैं। बिहार में सबकुछ ठीक चल रहा था। इससे पहले कभी ऐसा कुछ नहीं हुआ था। अब इस तरह की गड़बड़ी कौन कर रहा है, यह भी देखा जा रहा है।


